Ketu Gochar 2025: ज्योतिष शास्त्र में केतु को छाया ग्रह माना गया है जो आध्यात्मिकता और मोक्ष से जुड़ा होता है। 18 मई 2025 को केतु का गोचर कन्या राशि से सिंह राशि में होने जा रहा है। सिंह सूर्य की राशि है और केतु का इसमें प्रवेश पूरे 18 साल बाद हो रहा है। ऐसे में यह गोचर बेहद खास माना जा रहा है। इस परिवर्तन का प्रभाव सभी राशियों पर पड़ेगा लेकिन कुछ राशियों के लिए यह समय बेहद शुभ रहेगा। आइए जानते हैं किन राशियों की किस्मत केतु के गोचर से चमक सकती है।
मेष राशि वालों के लिए सुनहरा मौका
केतु का राशि परिवर्तन मेष राशि वालों के लिए कई शुभ संकेत लेकर आ रहा है। करियर के क्षेत्र में लंबे समय से रुके हुए अवसर अब सामने आ सकते हैं। जो लोग प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में जुटे थे उन्हें अच्छे परिणाम मिल सकते हैं। विद्यार्थी भी इस समय बेहतर प्रदर्शन करेंगे। गुरुजनों का साथ मिलेगा और मानसिक शांति बनी रहेगी। इस दौरान आप धार्मिक गतिविधियों में भी भाग ले सकते हैं जिससे आत्मिक संतुष्टि मिलेगी। जो लोग क्रिएटिव फील्ड से जुड़े हैं उनके लिए भी यह समय सफलता दिलाने वाला रहेगा। धन और अन्न की प्राप्ति के योग बनेंगे जिससे आर्थिक स्थिति भी बेहतर होगी।
वृश्चिक राशि को करियर में लाभ
केतु का यह गोचर वृश्चिक राशि वालों के लिए विशेष रूप से फायदेमंद रहेगा क्योंकि केतु अब उनके दशम भाव यानी करियर हाउस में प्रवेश करेगा। इस दौरान बीते समय में किए गए परिश्रम का अच्छा फल मिलेगा। कार्यक्षेत्र में वरिष्ठों की नजरों में आपकी छवि सुधरेगी और इससे भविष्य में तरक्की के रास्ते खुलेंगे। व्यापारी वर्ग के लिए भी यह समय मुनाफा दिलाने वाला हो सकता है। आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और पुराना कर्ज चुकाने के भी अवसर बनेंगे। इसके साथ ही सेहत में भी सुधार देखने को मिल सकता है। पिता का सहयोग और उनकी सलाह से कई निर्णय लेने में आसानी होगी।
धनु राशि के जीवन में नई दिशा
धनु राशि जो कि गुरु यानी बृहस्पति की राशि है उनके जीवन में केतु एक नई दिशा लेकर आ सकता है। इस गोचर से नकारात्मक विचारों में कमी आएगी और अंदर ऊर्जा का नया संचार होगा। करियर में कुछ बड़ा करने की प्रेरणा मिलेगी और कई लोगों को विदेश जाने का अवसर भी मिल सकता है। पारिवारिक जीवन में संतुलन बना रहेगा और आप आध्यात्मिक विषयों की ओर आकर्षित होंगे। कुछ लोग इस क्षेत्र में सक्रिय भागीदारी भी निभा सकते हैं। परिवार के लोग आपके काम की सराहना करेंगे जिससे आत्मविश्वास बढ़ेगा और जीवन में स्थिरता महसूस होगी।
