UPPSC Recruitment 2025 :उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) ने राजकीय महाविद्यालयों में असिस्टेंट प्रोफेसर के 1253 पदों पर भर्ती के लिए बड़ा नोटिफिकेशन जारी किया है। आयोग ने बताया कि आवेदन प्रक्रिया 4 सितंबर 2025 से शुरू हो चुकी है, जबकि आवेदन की अंतिम तिथि 6 अक्टूबर 2025 निर्धारित की गई है। वहीं, आवेदन में संशोधन और समाधान की अंतिम तिथि 13 अक्टूबर 2025 रखी गई है।

कितने पदों पर भर्ती होगी
कुल 1253 रिक्तियों पर यह भर्ती आयोजित की जा रही है। आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि परिस्थितियों और आवश्यकताओं के अनुसार रिक्तियों की संख्या बढ़ाई या घटाई जा सकती है। चयनित अभ्यर्थियों को उत्तर प्रदेश के विभिन्न राजकीय महाविद्यालयों में असिस्टेंट प्रोफेसर के रूप में नियुक्त किया जाएगा।
आयु सीमा
भर्ती के लिए अभ्यर्थियों की न्यूनतम आयु 21 वर्ष और अधिकतम आयु 40 वर्ष तय की गई है। यानी उम्मीदवार का जन्म 2 जुलाई 1985 से पहले और 1 जुलाई 2004 के बाद का नहीं होना चाहिए।
चयन प्रक्रिया
उम्मीदवारों को चयन के लिए तीन चरणों से गुजरना होगा—
- प्रारंभिक परीक्षा
- लिखित परीक्षा
- साक्षात्कार
तीनों चरणों में सफल होने वाले अभ्यर्थियों को ही अंतिम रूप से चयनित किया जाएगा।
आवेदन की प्रक्रिया
आवेदन प्रक्रिया वन टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) आधारित होगी। उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि पहले ओटीआर रजिस्ट्रेशन पूरा कर लें और उसके बाद आवेदन पत्र भरें। आवेदन से जुड़ी सभी जरूरी जानकारियां, जैसे कि जाति प्रमाण पत्र, आरक्षण, शुल्क भुगतान, परीक्षा योजना और पाठ्यक्रम विज्ञापन में स्पष्ट की गई हैं।
आवेदन की महत्वपूर्ण तिथियां
- आवेदन की शुरुआत : 4 सितंबर 2025
- आवेदन की अंतिम तिथि : 6 अक्टूबर 2025
- आवेदन संशोधन/समाधान की अंतिम तिथि : 13 अक्टूबर 2025
कहां करें आवेदन
इच्छुक और पात्र उम्मीदवार यूपीपीएससी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।







