सतना/नागौद : सतना जिले के नागौद थाना क्षेत्र अंतर्गत इटमा गांव में चोरी की एक अनोखी और हैरान कर देने वाली वारदात सामने आई है। यहां चार पहिया वाहन से आए चार अज्ञात बदमाशों ने एक रिटायर्ड प्रिंसिपल के सूने फार्महाउस को निशाना बनाया। चोरों ने एक के बाद एक 5 ताले तोड़कर परिसर में प्रवेश तो कर लिया, लेकिन जब वे कीमती सामान वाले कमरे का ‘इंटरलॉक सिस्टम’ नहीं खोल पाए, तो खाली हाथ लौटने के बजाय किचन से गैस सिलेंडर और चूल्हा ही समेट ले गए। चोरी की यह पूरी वारदात फार्महाउस में लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई है।
इंटरलॉक सिस्टम ने बचाया कीमती सामान, खिसियाए चोरों ने तोड़ा किचन का दरवाजा
जानकारी के अनुसार, सतना शहर के पतेरी स्थित आकाशगंगा नगर निवासी रिटायर्ड प्रिंसिपल आरएस केवट का इटमा गांव में फार्महाउस है, जहां खेती-किसानी के सिलसिले में उनका आना-जाना लगा रहता है। सुरक्षा के लिहाज से उन्होंने परिसर में CCTV कैमरे और कीमती सामान वाले कमरे में विशेष इंटरलॉक सिस्टम लगवा रखा है। 14 नवंबर की रात फार्महाउस सूना होने का फायदा उठाकर 4 बदमाश चार पहिया वाहन से पहुंचे। उन्होंने मुख्य गेट समेत 5 ताले तोड़े और अंदर दाखिल हुए। बदमाशों ने कीमती सामान वाले कमरे का लॉक तोड़ने की काफी मशक्कत की, लेकिन इंटरलॉक सिस्टम के आगे उनकी एक न चली।
CCTV फुटेज खंगाल रही नागौद पुलिस, जल्द गिरफ्तारी का दावा
जब मुख्य कमरे का ताला नहीं खुला, तो निराश बदमाशों ने किचन का रुख किया। उन्होंने किचन का लोहे का दरवाजा तोड़ा और वहां रखा घरेलू गैस सिलेंडर व चूल्हा चुराकर अपने वाहन से फरार हो गए। फार्महाउस पहुंचने पर ताले टूटे देख मालिक आरएस केवट ने तत्काल नागौद थाने में चोरी की लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मौके का मुआयना कर CCTV फुटेज अपने कब्जे में ले लिए हैं, जिनके आधार पर चारों आरोपियों और उनके वाहन की पहचान कर तलाश तेज कर दी गई है।