Satna news : सतना जिले के उचेहरा तहसील अंतर्गत धनेह (रामकुंडली) गांव में मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में 9 वर्षीय मासूम की तालाब में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, विनय कुशवाहा (9 वर्ष), जो कक्षा चौथी का छात्र था, स्कूल की छुट्टी होने के बाद अपने साथियों के साथ गांव के तालाब में नहाने गया था। नहाने के दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। साथियों द्वारा शोर मचाने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उसे बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही ग्राम सरपंच इंद्रकली कुशवाहा, पूर्व जनपद सदस्य महेंद्र सिंह, रोजगार सहायक मंजू मिश्रा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। सूचना मिलने पर डायल-112 पुलिस भी मौके पर पहुंची।
पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
मासूम की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं पूरे गांव में मातम का माहौल है। ग्रामीणों ने बच्चों से तालाब और अन्य जलाशयों के आसपास सावधानी बरतने तथा अभिभावकों से बच्चों पर विशेष निगरानी रखने की अपील की है।






