Satna Sarthak Hospital News :सतना शहर के पन्ना रोड स्थित सार्थक हॉस्पिटल में सोमवार को एक नवजात की मौत के बाद तनावपूर्ण स्थिति बन गई। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर इलाज में लापरवाही और एक्सपायरी दवा देने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया।

परिजनों ने एक्सपायरी दवाइयां लेकर सिविल लाइन थाने में अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की। देर शाम तक वे हॉस्पिटल के बाहर धरने पर बैठ गए और अस्पताल को तत्काल सील करने की मांग पर अड़े रहे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सीएसपी देवेंद्र प्रताप सिंह सहित भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस अधिकारी परिजनों से बातचीत कर उन्हें समझाने का प्रयास कर रहे हैं।
यह मामला टिकुरिया टोला निवासी नवीन गुप्ता और उनकी पत्नी नीलम गुप्ता से जुड़ा है। नीलम गुप्ता की डिलीवरी 10 जुलाई को बस स्टैंड स्थित चित्रकूट हॉस्पिटल में हुई थी। नवजात की सिकाई के लिए परिजन उसे 11 जुलाई को सार्थक हॉस्पिटल में भर्ती कराया था।
25 हजार लेकर इंजेक्शन लगाया नवीन गुप्ता का आरोप है कि 12 जुलाई को डॉक्टर अमित सिंह ने बताया कि बच्चे की किडनी में समस्या है और इसके लिए 25 हजार रुपये का एक इंजेक्शन लगाना होगा। सोमवार को जब इंजेक्शन लगाने की तैयारी चल रही थी, तभी अचानक नवजात को वेंटिलेटर पर डाल दिया गया, जिससे परिजन भड़क गए।
परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि जब नवजात को भर्ती किया गया था, तब पर्ची में ‘मेल बेबी’ की जगह ‘फीमेल बेबी’ लिखा गया था। इसके अलावा, बच्चे की उम्र एक दिन की थी, लेकिन पर्ची में उसे एक माह का दर्शाया गया था।
इसी बीच, परिजनों ने अस्पताल के मेडिकल स्टोर से ले जाई जा रही कुछ एक्सपायरी दवाइयां भी पकड़ लीं। वे इन दवाइयों को लेकर सिविल लाइन थाने पहुंचे और अपनी शिकायत दर्ज कराई।
शाम होते-होते नवजात की मौत हो गई, जिससे परिजनों का गुस्सा और भड़क गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस लगातार मौके पर मौजूद है।
सीएसपी की समझाइश के बाद बहाल हुआ यातायात नवजात बच्चे की मौत के बाद नाराज परिजनों ने सतना पन्ना पुराने हाईवे पर जाम लगा दिया। सार्थक हॉस्पिटल के सामने मृत बच्चे के परिजनों ने धरना दे दिया। सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस सहित वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाइश दी।
सीएसपी देवेंद्र सिंह चौहान ने उन्हें कार्रवाई का आश्वासन दिया जिसके बाद सतना पन्ना मार्ग बहाल हो सका। करीब 20 मिनट तक हाईवे में आवागमन डायवर्ट रहा।






