Rahul Gandhi 55th Birthday: लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी का 55वां जन्मदिन, पीएम मोदी ने किया विश

Rahul Gandhi 55th Birthday: लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी का 55वां जन्मदिन, पीएम मोदी ने किया विश

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

[responsivevoice_button voice="Hindi Female"]

Rahul Gandhi 55th Birthday: आज कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी अपना 55वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी उन्हें शुभकामनाएं दीं। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर लिखा, “लोकसभा में विपक्ष के नेता श्री राहुल गांधी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। मैं उनके दीर्घ और स्वस्थ जीवन की कामना करता हूं।” राहुल गांधी का जन्म 19 जून 1970 को दिल्ली में हुआ था। वे पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी और पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के बेटे हैं। आज वे उत्तर प्रदेश की रायबरेली लोकसभा सीट से सांसद हैं और विपक्ष के नेता की भूमिका निभा रहे हैं।

शिक्षा से राजनीति तक का सफर

राहुल गांधी की पढ़ाई भारत और विदेश दोनों जगह हुई है। उन्होंने फ्लोरिडा के रोलिंस कॉलेज से स्नातक और ट्रिनिटी कॉलेज, कैंब्रिज यूनिवर्सिटी से एम.फिल की डिग्री ली है। पढ़ाई के बाद उन्होंने लंदन की एक कंसल्टिंग कंपनी ‘मॉनिटर ग्रुप’ में कुछ समय काम किया और फिर भारत लौटकर मुंबई में ‘बैकऑप्स सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड’ नामक कंपनी की स्थापना की। 2004 में उन्होंने अमेठी से लोकसभा चुनाव लड़कर राजनीति में कदम रखा और जीत हासिल की। इसके बाद 2009 और 2014 में भी वे अमेठी से सांसद चुने गए। 2017 में वे कांग्रेस अध्यक्ष बने लेकिन 2019 की हार के बाद उन्होंने पद से इस्तीफा दे दिया।

2024 में दो सीटों से जीत और रायबरेली चुनी

2019 में अमेठी से वे बीजेपी की स्मृति ईरानी से चुनाव हार गए थे लेकिन वायनाड (केरल) से चुनाव जीत गए थे। इस बार 2024 के लोकसभा चुनाव में उन्होंने रायबरेली और वायनाड दोनों जगह से जीत हासिल की और बाद में रायबरेली की सीट चुनी। वायनाड सीट से उनकी बहन प्रियंका गांधी वाड्रा सांसद बनी हैं। अब राहुल गांधी एक बार फिर विपक्ष के नेता के रूप में संसद में बड़ी भूमिका निभा रहे हैं और उनकी राजनीतिक सक्रियता ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा भर दी है।

नेताओं ने दी शुभकामनाएं और सराहना

राहुल गांधी के जन्मदिन पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे समेत कई नेताओं ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। खड़गे ने लिखा, “आपकी संविधान के मूल्यों के प्रति निष्ठा और सामाजिक, राजनीतिक व आर्थिक न्याय के लिए आपकी गहरी प्रतिबद्धता आपको खास बनाती है।” उन्होंने राहुल को ऐसे नेता बताया जिसकी देश को आज ज़रूरत है। कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने लिखा कि राहुल गांधी में फासिस्ट ताकतों से निडर होकर मुकाबला करने की हिम्मत है और उन्होंने भारत जोड़ो यात्रा व न्याय यात्रा के जरिए देश में उम्मीद की किरण जगाई है। अशोक गहलोत ने भी उन्हें शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राहुल गांधी सही मायनों में सामाजिक न्याय के लिए संघर्ष कर रहे हैं और अब वक्त आ गया है कि वे देश की बागडोर संभालें।

Neha Mishra
Author: Neha Mishra

Leave a Comment

और पढ़ें