Weather Update : देशभर में मौसम ने करवट ले ली है और भीषण गर्मी से परेशान लोगों को अब राहत मिलने लगी है। भारतीय मौसम विभाग ने देश के 15 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी कर दिया है। महाराष्ट्र, गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ जैसे राज्यों में अगले कुछ दिनों तक बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक यह बदलाव दक्षिण पश्चिम मानसून के सक्रिय होने से हो रहा है।
दिल्ली समेत उत्तर भारत में बादलों की दस्तक
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भी मौसम का मिजाज बदला हुआ है। यहां बुधवार तक ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया है। मौसम विभाग ने बताया है कि दिल्ली-एनसीआर में आज शाम तक हल्की बारिश हो सकती है और हवाओं की गति 50 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटा तक पहुंच सकती है। दिल्ली का आसमान आज सुबह से ही बादलों से ढंका हुआ है जिससे लोगों को उमस से कुछ राहत जरूर मिली है।
दक्षिण और मध्य भारत में बौछारों की भरमार
दक्षिण भारत के राज्यों तमिलनाडु, पुडुचेरी, केरल, तेलंगाना, कर्नाटक और लक्षद्वीप में 17 से 18 जून के बीच भारी बारिश के साथ तेज हवाओं का अनुमान है। वहीं मध्य भारत के राज्यों जैसे मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में भी अगले 24 घंटों में तेज बारिश हो सकती है। इन इलाकों में बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की भी चेतावनी जारी की गई है।
पूर्वी और पहाड़ी राज्यों में भी अलर्ट
पूर्वी भारत के राज्यों बिहार, झारखंड, ओडिशा, गंगीय पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी अगले 24 घंटे में बारिश के साथ गरज और चमक की संभावना है। इसके साथ ही उत्तराखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है। हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में 21 और 22 जून को तेज बारिश की चेतावनी दी गई है।
हिमाचल में पहाड़ी आफत की आशंका
हिमाचल प्रदेश में भी मानसून की दस्तक से पहाड़ों में आफत की आहट सुनाई देने लगी है। मौसम विभाग ने राज्य में येलो अलर्ट जारी करते हुए कहा है कि कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है जबकि 20 जून के बाद भारी बारिश का खतरा बना रहेगा। पहाड़ी रास्तों पर यात्रा करने वालों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
