Sunjay Kapur Death: बॉलीवुड एक्ट्रेस करिश्मा कपूर के पूर्व पति और मशहूर उद्योगपति संजय कपूर का 12 जून को इंग्लैंड में निधन हो गया। 53 साल के संजय कपूर ऑटोमोटिव कंपनी सोना कॉमस्टार के चेयरमैन थे और भारतीय बिजनेस वर्ल्ड में एक बड़ा नाम माने जाते थे। जैसे ही उनके निधन की खबर सामने आई इंडस्ट्री और फिल्म जगत में शोक की लहर दौड़ गई। लेखक सुहैल सेठ ने सोशल मीडिया पर इस दुखद खबर की पुष्टि की और उन्हें श्रद्धांजलि दी। करिश्मा कपूर के घर बॉलीवुड सितारों का आना शुरू हो गया है। हर किसी के मन में यही सवाल है कि संजय कपूर की मौत आखिर कैसे हुई और इसकी असली वजह क्या थी।
एक तिनके ने ली जान, दिल का दौरा बना मौत की वजह
ANI की रिपोर्ट के मुताबिक संजय कपूर इंग्लैंड में पोलो खेलते समय घोड़े पर सवार थे। खेल के दौरान अचानक उनके मुंह में एक मक्खी चली गई जिसे वह गलती से निगल गए। मक्खी उनके गले में फंस गई जिससे उन्हें बहुत तकलीफ और घबराहट महसूस होने लगी। इसी घबराहट के चलते उन्हें अचानक हार्ट अटैक आया और मौके पर ही उनकी जान चली गई। यह खबर जितनी अजीब लगती है उतनी ही चौंकाने वाली भी है। हैरानी की बात ये है कि अपनी मौत से कुछ घंटे पहले ही संजय सोशल मीडिया पर एक्टिव थे। उन्होंने अहमदाबाद एयर इंडिया विमान हादसे पर दुख जताते हुए पोस्ट किया था। उन्होंने लिखा था, “अहमदाबाद में एयर इंडिया विमान हादसे की दुखद खबर। मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं सभी प्रभावित परिवारों के साथ हैं। ईश्वर उन्हें इस मुश्किल समय में ताकत दे।”
— Sona Comstar (@sonacomstar) June 13, 2025
तीन शादियां, तीन परिवार और करिश्मा के दो बच्चे
संजय कपूर की निजी जिंदगी काफी चर्चा में रही थी। उनकी पहली शादी मशहूर फैशन डिजाइनर नंदिता महतानी से हुई थी लेकिन यह रिश्ता ज्यादा समय तक नहीं चल सका। इसके बाद उन्होंने साल 2003 में बॉलीवुड एक्ट्रेस करिश्मा कपूर से शादी की थी। करिश्मा से उन्हें दो बच्चे हुए कियान और समायरा। हालांकि कई सालों तक चला उनका रिश्ता तल्खियों में बदल गया और 2016 में दोनों का तलाक हो गया। करिश्मा से अलग होने के बाद संजय ने प्रिय सचदेव से शादी की। प्रिय से उनका एक बच्चा भी है। वर्तमान में संजय और प्रिय यूके में ही रह रहे थे। उनकी जिंदगी जितनी शाही और ग्लैमरस थी उतनी ही उलझनों और उतार-चढ़ावों से भी भरी रही।
करिश्मा के लिए भावनात्मक समय, परिवार और दोस्त पहुँचे साथ
संजय कपूर की अचानक मौत की खबर से करिश्मा कपूर और उनके बच्चों के लिए यह पल बेहद भावनात्मक और सदमे से भरा है। जैसे ही यह दुखद समाचार सामने आया, करिश्मा के घर करीना कपूर खान, सैफ अली खान, मलाइका अरोड़ा और अमृता अरोड़ा सहित कई बॉलीवुड सितारे उनका हाल जानने पहुंचे। मीडिया के कैमरे करिश्मा के घर के बाहर मौजूद रहे लेकिन अब तक करिश्मा या उनके परिवार की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। करिश्मा इस समय बच्चों के साथ पूरी तरह से शोक में डूबी हुई हैं और करीबी रिश्तेदार उनके साथ मौजूद हैं। पूरे बॉलीवुड में इस हादसे को लेकर शोक और स्तब्धता का माहौल बना हुआ है।
