Divyanka-Vivek: भारतीय टीवी की सबसे पसंदीदा और लोकप्रिय जोड़ियों में से एक हैं दिव्यांका त्रिपाठी और विवेक दहिया। उनकी ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री के साथ-साथ ऑफ-स्क्रीन उनकी प्यार भरी जोड़ी भी लोगों के दिलों को छू जाती है। उनकी प्रेम कहानी ‘ये है मोहब्बतें’ जैसे हिट शो में काम करते हुए शुरू हुई और 8 जुलाई 2016 को शादी में बदली। भोपाल में हुई इस शादी में केवल करीबी दोस्त और परिवार के लोग शामिल हुए थे। शादी की तस्वीरें जब इस कपल ने सोशल मीडिया पर शेयर कीं तो वह वायरल हो गईं और खूब चर्चा में रहीं। तब से यह जोड़ी दर्शकों की फेवरेट बनी हुई है और उनकी हर हरकत पर ध्यान जाता है।
विवेक के बयान से फैन्स में उठी शंका
शादी को 9 साल हो चुके हैं लेकिन इन दोनों के बीच का प्यार आज भी ताजा और गहरा लगता है। हाल ही में इस कपल ने एक ऐसा खुलासा किया जिसने सभी को हैरान कर दिया। विवेक ने अपने यूट्यूब चैनल पर एक व्लॉग साझा किया जिसमें वे दिव्यांका के पिता के जन्मदिन के मौके पर उनके ससुराल गए थे। परिवार के साथ समय बिताते हुए उन्होंने मजाक में कहा कि उन्होंने दिव्यांका से शादी नहीं की है। लेकिन तुरंत ही उन्होंने यह साफ किया कि उनका मतलब था कि उनकी शादी का कानूनी पंजीकरण अभी तक नहीं हुआ है। विवेक ने कहा, “हमने अभी तक मैरिज सर्टिफिकेट के लिए आवेदन नहीं किया है। शादी का पंजीकरण बाकी है।”
टीवी से दूर, अब कंटेंट क्रिएशन में सक्रिय
यह बयान मजाकिया अंदाज में कहा गया था लेकिन इससे एक दिलचस्प पहलू सामने आया कि दोनों गहराई से जुड़े होने के बावजूद अपने रिश्ते को किसी सरकारी कागज या फॉर्मेलिटी से जल्दी बांधना नहीं चाहते। यह कपल, जो हर साल अपनी शादी की सालगिरह मनाता है, त्योहारों पर साथ नजर आता है और एक-दूसरे के करियर में सपोर्ट करता है, अब टीवी से थोड़ा दूर हो गया है। दोनों अब कंटेंट क्रिएटर के रूप में सक्रिय हैं और यूट्यूब व्लॉग के जरिए अपनी रोजमर्रा की जिंदगी, यात्रा और पारिवारिक समय के पल फैंस के साथ साझा करते हैं। इससे उनके चाहने वालों को उनकी निजी जिंदगी की झलक मिलती है।
अक्सर उड़ते रहते हैं अफवाहों के पंख
दिव्यांका और विवेक का रिश्ता हमेशा खबरों में रहता है। जहां एक तरफ लोग उनकी केमिस्ट्री की तारीफ करते नहीं थकते वहीं सोशल मीडिया पर अफवाहें भी उड़ती रहती हैं कि कहीं उनकी शादीशुदा जिंदगी में कुछ ठीक नहीं है। लेकिन हर बार यह जोड़ी इन अफवाहों को नजरअंदाज कर देती है। इस बार भी विवेक के स्पष्टीकरण के बावजूद लोगों को कुछ न कुछ शक होता रहता है। फिर भी दोनों अक्सर साथ में तस्वीरें शेयर करते हैं जो साफ दिखाती हैं कि वे एक-दूसरे से बेहद प्यार करते हैं।
