UP News: CM Yogi की तिरंगा यात्रा में गूंजे ‘भारत माता की जय’ के नारे, सेना की वीरता पर गर्व

UP News: CM Yogi की तिरंगा यात्रा में गूंजे 'भारत माता की जय' के नारे, सेना की वीरता पर गर्व

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

UP News: ऑपरेशन सिंदूर ने भारत को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाई है। इस अभियान के तहत भारतीय सेना ने पाकिस्तान समर्थित आतंकवाद पर बड़ा हमला किया। इस हमले में 100 से ज्यादा आतंकवादी ढेर कर दिए गए। हालांकि पाकिस्तान ने इस कार्रवाई को खुद पर हमला मान लिया और भारत पर कई मिसाइल व ड्रोन हमले किए। लेकिन भारतीय सेना ने इन सभी मिसाइलों और ड्रोन को हवा में ही नष्ट कर दिया। इसके बाद भारतीय सेना ने जवाबी कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान के कई एयरफील्ड और रडार सिस्टम तबाह कर दिए। जब पाकिस्तान को भारी नुकसान हुआ तो उसने भारत के डीजीएमओ से युद्धविराम का प्रस्ताव रखा जिसे फिलहाल स्वीकार कर लिया गया है।

लखनऊ में सीएम योगी ने शुरू की तिरंगा यात्रा

ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के बाद अब देशभर में भारतीय जनता पार्टी तिरंगा यात्रा निकाल रही है। इसी कड़ी में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में ‘भारत शौर्य तिरंगा यात्रा’ की शुरुआत की। यह यात्रा मुख्यमंत्री आवास पंच कालिदास मार्ग से शुरू होकर 1090 चौराहे तक जाएगी। जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा कि पूरा देश भारतीय सेना की वीरता को सलाम कर रहा है। उन्होंने पीएम नरेंद्र मोदी को इस सफल अभियान के लिए बधाई दी। सीएम योगी ने कहा कि यह हमला उन निर्दोष पर्यटकों की हत्या का जवाब था जो पहलगाम में पाकिस्तान समर्थित आतंकवादियों की बर्बरता के शिकार हुए थे। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान और उसके आतंकी आकाओं ने इस पर चुप्पी साध रखी थी।

UP News: CM Yogi की तिरंगा यात्रा में गूंजे 'भारत माता की जय' के नारे, सेना की वीरता पर गर्व

आतंकवाद पर CM योगी का कड़ा प्रहार

सीएम योगी ने कहा कि हमारी सरकार भारत की गरिमा और सम्मान की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि जब पाकिस्तान को पर्याप्त सबूत देने के बाद भी उसने अपनी हरकतें नहीं रोकीं तो ऑपरेशन सिंदूर चलाया गया। उन्होंने कहा कि पहले ही दिन 100 से ज्यादा आतंकियों को मार गिराया गया। इस घटना ने पूरी दुनिया को भारत की ताकत का एहसास कराया है। भारतीय सेना के जवानों की वीरता को आज हर कोई सराह रहा है। सेना हो, वायुसेना हो या नौसेना, सभी ने एकजुट होकर पाकिस्तान की हिमाकत का मुंहतोड़ जवाब दिया। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि इसी सम्मान में आज तिरंगा यात्रा निकाली जा रही है।

देशभर में तिरंगा यात्रा की गूंज

गौरतलब है कि तिरंगा यात्रा की शुरुआत दिल्ली से मंगलवार को हुई थी। राजधानी दिल्ली के कर्तव्य पथ पर हजारों लोग तिरंगा लेकर इकट्ठा हुए। दिल्ली सरकार की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, सभी मंत्री, विधायक और बीजेपी के वरिष्ठ नेता इस यात्रा में शामिल हुए। बुजुर्गों से लेकर महिलाएं, एनसीसी कैडेट्स और छोटे बच्चे भी इस यात्रा में शामिल हुए। हरियाणा के पंचकूला में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में तिरंगा यात्रा निकाली गई। वहीं गुजरात के अहमदाबाद में मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के नेतृत्व में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। देशभर में यह यात्रा देशभक्ति की भावना को एक नई ऊर्जा दे रही है।

Neha Mishra
Author: Neha Mishra

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें