Maihar News : मध्यप्रदेश के मैहर जिले में रामनगर पुलिस ने गुरुवार को अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भाजपा युवा मोर्चा के एक मंडल अध्यक्ष समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों के पास से पुलिस ने 8 पेटी यानि 72 लीटर देशी शराब और करीब 15 लाख रुपए की एक लग्जरी नेक्सान कार भी जब्त की है।

रामनगर थाना पुलिस के अनुसार, उन्हें मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक सफेद रंग की नेक्सान कार (MP19 ZJ 7240) में अवैध शराब भरकर देवराजनगर की ओर से लाई जा रही है। इस पर पुलिस ने भिटारी पुलिया के पास नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की।इसी दौरान संदिग्ध कार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक ने पुलिस को देखकर गाड़ी को तेज़ी से पीछे मोड़कर भागने की कोशिश की। पुलिस टीम ने सक्रियता दिखाते हुए तुरंत घेराबंदी कर कार को रोक लिया।
कार से निकली 8 पेटी शराब
जांच के दौरान कार की डिक्की खोली गई तो उसमें से 8 कार्टूनों में भरी 72 लीटर अवैध देशी प्लेन शराब बरामद हुई है। कार में सवार आरोपी शराब परिवहन से संबंधित कोई भी वैध कागजात पेश नहीं कर सके है।
पुलिस ने कार में बैठे चारों युवकों को गिरफ्तार किया है। इनमें अभिनव गौतम, रोहित पाल, ललित पाल (तीनो निवासी कोठी, जिला सतना) और राजेश गुप्ता निवासी इलाहाबाद, उत्तरप्रदेश) शामिल हैं।मिली जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी अभिनव गौतम भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) का कोठी मंडल अध्यक्ष है।
राजनीतिक रसूख नहीं आया काम
सूत्रों का कहना है कि गिरफ्तारी के दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम पर राजनीतिक दबाव बनाने और रसूख का इस्तेमाल करने की कोशिश की है। लेकिन पुलिस के आंगे वह भी किसी तरह काम नही आई है। हालांकि, रामनगर पुलिस ने नियमों के तहत कार्यवाही करते हुए चारों को गिरफ्तार कर आबकारी एक्ट की धारा 34(2) में प्रकरण दर्ज किया और अदालत में पेश कर उन्हें जेल भेज दिया है।
पार्टी ने की कार्यवाही
वही, घटना के सामने आते ही भाजपा जिला संगठन ने भी त्वरित कार्रवाई की है। भाजपा जिलाध्यक्ष भगवती पांडेय ने भाजयुमो कोठी मंडल अध्यक्ष अभिनव गौतम को तत्काल प्रभाव से पार्टी से निष्कासित कर दिया है। पार्टी ने साफ कर दिया है कि गैरकानूनी गतिविधियों और आपराधिक प्रवृत्ति वाले लोगों को संगठन में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।







