मैहर जिले में मंगलवार को सुबह से तेज धूप के बाद शाम होते-होते मौसम का मिजाज अचानक बदल गया। आसमान में बादल छाने के बाद तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश से लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली, वहीं मौसम एक बार फिर सुहाना हो गया।

इससे एक दिन पहले सोमवार को जिले में बारिश का दौर लगभग थमा रहा। अमरपाटन क्षेत्र में हल्की बूंदाबांदी हुई, लेकिन कुल मिलाकर बारिश न के बराबर दर्ज की गई। इसके बाद मंगलवार शाम अचानक तेज बारिश होने से मौसम में बदलाव देखने को मिला।
रामनगर में सबसे अधिक बारिश
मानसून सीजन 1 जून 2026 से 15 सितंबर 2026 तक के आंकड़ों के अनुसार मैहर जिले में अब तक औसत 39.15 इंच बारिश दर्ज की गई है। तहसीलवार आंकड़ों में रामनगर क्षेत्र बारिश के मामले में सबसे आगे रहा है।
रामनगर में 52.71 इंच, अमरपाटन में 34.90 इंच, मैहर 29.79 इंच दर्ज हुई है।जिले की औसत बारिश 39.15 इंच दर्ज हुई है।
आंकड़ों के मुताबिक रामनगर में जिले की औसत बारिश की तुलना में काफी अधिक वर्षा दर्ज हुई है, जबकि मैहर में अब तक सबसे कम बारिश रिकॉर्ड की गई है।
मंगलवार शाम अचानक हुई बारिश के बाद एक बार फिर जिले में मानसून की सक्रियता बढ़ने के संकेत मिले हैं। हालांकि, बारिश का असर क्षेत्रवार अलग-अलग रहा।






