मैहर,मध्यप्रदेश।। सेवा संकल्प अभियान के तहत आगामी 17 सितंबर को मैहर जिला दीपोत्सव के अलौकिक उल्लास से सराबोर रहेगा। इस अवसर पर विश्व प्रसिद्ध मां शारदा माता मंदिर प्रांगण में एक साथ 1 लाख 11 हजार से अधिक ‘आशीर्वाद के दीप’ प्रज्ज्वलित किए जाएंगे।

वहीं पूरे जिले में कुल 4 लाख 86 हजार दीये जलाकर भव्य दीपोत्सव मनाया जाएगा। मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समयावधि पत्रों (TL) की समीक्षा बैठक के दौरान अपर जिला दंडाधिकारी (ADM) रोशन राय ने अधिकारियों को यह जानकारी देते हुए तैयारियों के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए
मैहर, अमरपाटन और रामनगर में प्रज्ज्वलित होंगे 4.86 लाख दीये
एडीएम रोशन राय ने बताया कि 17 सितंबर को जिले के प्रमुख शहरों और कस्बों—मैहर, अमरपाटन और रामनगर में जनभागीदारी के साथ कुल 4 लाख 86 हजार ‘आशीर्वाद के दीप’ जलाए जाएंगे। आयोजन का मुख्य आकर्षण मां शारदा देवी का पावन प्रांगण रहेगा, जहां 1.11 लाख से अधिक दीपों की जगमगाहट से त्रिकूट पर्वत का नजारा मनोहारी होगा।
रक्तदान से होगी अभियान की शुरुआत, अधिकारियों को बांटे दायित्व
प्रशासनिक जानकारी के अनुसार, सेवा संकल्प अभियान की औपचारिक शुरुआत जिले के विभिन्न चिकित्सा केंद्रों और अस्पतालों में वृहद रक्तदान शिविरों के आयोजन से होगी। बैठक में एडीएम ने सभी विभागों के जिला अधिकारियों, एसडीएम, जनपद पंचायत सीईओ और नगर परिषदों के सीएमओ को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपीं। उन्होंने निर्देशित किया कि सभी विभाग आपसी समन्वय बनाकर कार्यक्रमों को व्यवस्थित व भव्य रूप से संपन्न कराएं।
बैठक के दौरान एडीएम ने स्वामित्व योजना की प्रगति और लंबित सीएम हेल्पलाइन व समयावधि पत्रों की भी समीक्षा की तथा अधिकारियों को सभी जनहितैषी प्रकरणों का प्राथमिकता से त्वरित निराकरण करने के कड़े निर्देश दिए।






