Sidhi News : मध्यप्रदेश के सीधी जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। सीधी शहर स्थित उत्कृष्ट विद्यालय के मैथिली बालिका छात्रावास में 11वीं कक्षा (कृषि विषय) की छात्रा कल्पना जायसवाल का शव रविवार को उसके कमरे में खिड़की से लटकता हुआ पाया गया। मृतका कल्पना जायसवाल, पिता रामकृपाल जायसवाल, ग्राम पैगम्मा थाना बहरी की निवासी थी।

वह छात्रावास क्रमांक-1 में अपनी पांच सहेलियों के साथ रहती थी। घटना के समय रविवार होने के कारण उसकी दो सहेलियाँ घर गई हुई थीं, जबकि दो अन्य सहेलियाँ बाजार गई थीं। जब सहेलियाँ बाजार से लौटीं तो कमरे का दरवाज़ा अंदर से बंद मिला।
ऐसी ही और खबरे पाने के लिये जॉइन करे व्हाट्सएप ग्रुप,अभी क्लिक करे। Join Whatsapp
सबसे संदेहास्पद यह है कि बगल की दीवार पर “सब मरोगे” लिखा हुआ था। मृतका का शव दुपट्टे से बने फंदे में खिड़की से लटका मिला, जिसकी ऊँचाई मात्र 4.30 फीट थी और उसका आधा से अधिक शरीर जमीन पर था।
मृतका की सहपाठी संतोषी सेन और हॉस्टल इंचार्ज अमृता सिंह ने बताया कि कल्पना का किसी से कोई विवाद नहीं था और वह शांत स्वभाव की छात्रा थी। वहीं, मृतका के बाबा पुरुषोत्तम जायसवाल ने कहा कि जिस तरह से शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला है, इससे साफ नहीं कहा जा सकता कि यह आत्महत्या है या हत्या।
कोतवाली थाना प्रभारी कन्हैया सिंह बघेल ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है। हालांकि, जांच के बाद ही वास्तविक तथ्य सामने आएंगे और उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।







