Satna News :सतना के कोलगवां थाना क्षेत्र अंतर्गत कृपालपुर के पास गुरुवार दोपहर एक सड़क हादसे में 50 वर्षीय महिला की मौत हो गई। इस दुर्घटना में महिला का पति गंभीर रूप से घायल हो गया।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान निर्मला वर्मा (50 वर्ष) पत्नी एडवोकेट लक्ष्मण प्रसाद वर्मा के रूप में हुई। वे मूल रूप से बर्दाडीह की रहने वाली थीं और वर्तमान में नई बस्ती, पोस्ट खम्हरिया, थाना कोटर क्षेत्र में निवास कर रही थीं।

बताया गया कि लक्ष्मण प्रसाद अपनी बीमार पत्नी निर्मला का माधवगढ़ में इलाज कराने के बाद बाइक से वापस नई बस्ती लौट रहे थे। जैसे ही वे कृपालपुर में अंबेडकर प्रतिमा के सामने पहुंचे, पीछे से आ रहे एक डंपर (ट्रक) ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि निर्मला वर्मा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि लक्ष्मण प्रसाद गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायल लक्ष्मण प्रसाद को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। घटना के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलने पर कोलगवां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने अज्ञात ट्रक ड्राइवर के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।







