मैहर(Maihar)। मैहर जिले के अमरपाटन (amarpatan) में सोमवार को सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के समर्थन में छात्र-छात्राओं और युवाओं ने शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग उठाते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की।

अमरपाटन के रामनगर रोड चौराहे स्थित संदीपनी विद्यालय के सामने बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और नवयुवक एकत्रित हुए। प्रदर्शन के दौरान उन्होंने हाथों में तख्तियां लेकर अपनी मांगों के समर्थन में नारे लगाए। प्रदर्शनकारियों ने इस्तीफा तो तुमको देना होगा, वरना रोज धरना होगा” जैसे नारे लगाते हुए सरकार से छात्रों की समस्याओं पर गंभीरता से विचार करने की मांग की।
करीब दो घंटे तक चले इस प्रदर्शन में प्रतिभागियों ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने, भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं पर प्रभावी कार्रवाई करने और छात्रों के भविष्य की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाए जाने चाहिए। प्रदर्शन के दौरान माहौल पूरी तरह शांतिपूर्ण रहा तथा किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति नहीं बनी। प्रशासन की ओर से भी पूरे कार्यक्रम पर निगरानी रखी गई।
प्रदर्शन समाप्त होने के बाद प्रदर्शनकारियों ने अमरपाटन तहसीलदार आर.डी. साकेत को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में शिक्षा व्यवस्था में सुधार, छात्रों के हितों की रक्षा तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग सरकार तक पहुंचाने का आग्रह किया गया।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, स्थानीय युवाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं की मौजूदगी रही।





