Satna News Today :जिले के कोटर थाना क्षेत्र के डगडीहा गांव में रविवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। गांव का 12 वर्षीय मासूम राजेंद्र सिंह सेमरावल नदी में नहाने के दौरान गहरे पानी में डूब गया। घटना के बाद से पूरे गांव में अफरा-तफरी का माहौल है। आठ घंटे बीत जाने के बाद भी बच्चे का कोई सुराग नहीं मिल सका है।

जानकारी के मुताबिक, राजेंद्र सिंह अपने गांव के दो दोस्तों के साथ सुबह करीब 9 बजे नदी में नहाने गया था। नदी में पानी का बहाव पिछले दिनों हुई बारिश के कारण तेज था। नहाते-नहाते राजेंद्र गहरे पानी में चला गया और तेज धारा में बह गया। उसके दोस्तों ने शोर मचाकर गांव वालों को घटना की जानकारी दी।
अब तक कोई सुराग नही
ग्रामीणों ने तुरंत ही स्थानीय गोताखोरों की मदद से बच्चे को खोजने की कोशिश की, लेकिन घंटों की मशक्कत के बाद भी कोई सफलता नहीं मिली। इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई। कोटर थाना पुलिस ने तत्काल एसडीआरएफ टीम को सतना से बुलाया।
खोजबीन कर रही एसडीआरफ
दोपहर 12 बजे से एसडीआरएफ की टीम बोट और गोताखोरों की मदद से नदी में लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है। बावजूद इसके अब तक राजेंद्र का पता नहीं चल सका है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव के लोग नदी किनारे बड़ी संख्या में मौजूद रहकर बच्चे की सलामती की दुआ कर रहे हैं।
थाना प्रभारी ने बताया कि पानी का बहाव काफी तेज है, जिस वजह से तलाश अभियान में कठिनाई आ रही है। फिर भी एसडीआरएफ की टीम पूरी ताकत के साथ बच्चे को खोजने में जुटी हुई है।







