Satna News : सतना जिले में थाना चित्रकूट पुलिस ने अंतर्राज्यीय चोर गिरोह के एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी की पहचान अनुज उर्फ गोधा सिंह गौर (22), निवासी बांदा के रूप में हुई है, जो फिलहाल चित्रकूट के कर्वी में किराए के मकान में रह रहा था।

पुलिस ने आरोपी के पास से 2.37 लाख रुपये नकद, 70 हजार रुपये की सोने की अंगूठी, एक 315 बोर का अवैध कट्टा और जिंदा कारतूस बरामद किया है। जब्त किए गए सामान की कुल कीमत 3.10 लाख रुपये आंकी गई है।यह मामला 6-7 सितंबर की रात का है।
आश्रम में घुसकर दिया अंजाम
जब ददरौआ धाम आश्रम सिरसावन में रह रहे मथुरा निवासी राधिकादास (60) के कमरे से एक लाल बैग चोरी हो गया था। बैग में 2.40 लाख रुपये नकद, सोने की अंगूठी और पहचान पत्र रखे थे।थाना प्रभारी डीआर शर्मा के नेतृत्व में गठित टीम ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपी की पहचान की और दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
लूट की वारदात का भी किया खुलासा
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने 3 सितंबर को भरत घाट में एक घर में लूट का प्रयास किया था। वारदात के दौरान घर की महिला के जाग जाने पर उसने उस पर हथियार से हमला भी किया था।पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।







