Satna News :मध्य प्रदेश के सतना जिले में गुरुवार की रात एक ऐसी वारदात हुई, जिसने बॉलीवुड की फिल्मों को भी पीछे छोड़ दिया है। यहां एक 60 वर्षीय बुजुर्ग ने सीने में गोली लगने के बावजूद वो दिलेरी दिखाई कि हमलावर को अपनी जान बचाकर भागना पड़ा है। बिजली विभाग के कर्मचारी को लूट के इरादे से एक बदमाश ने गोली मार दी, लेकिन खून से लथपथ बुजुर्ग ने हार नहीं मानी। उन्होंने न सिर्फ हमलावर से उसका कट्टा छीना, बल्कि हाथापाई में उसका नकली पैर’ भी उखाड़ लिया और उसे झोले में भरकर सीधे थाने पहुंच गए।

पुलिस के मुताबिक घायल की पहचान रामनरेश वर्मा (60 वर्ष) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से अमदरा के नौगांव के निवासी हैं और सतना में विद्युत विभाग में चपरासी हैं। रामनरेश ने बताया कि गुरुवार शाम ड्यूटी खत्म कर वे ट्रेन पकड़ने के लिए पैदल स्टेशन जा रहे थे। जब वे पटरी किनारे चलते हुए प्रेम नगर अंडरब्रिज के पास पहुंचे, तभी अंधेरे का फायदा उठाकर एक दिव्यांग बदमाश ने उन्हें रोका और कट्टे से फायर कर दिया। गोली सीधे उनके बाएं सीने में जा धंसी।
खून बहता रहा, पर हौसला नहीं डगमगाया
गोली लगते ही रामनरेश खून से लथपथ हो गए लेकिन रामनरेश ने गजब का साहस दिखाया। वे दर्द से कराहने के बजाय हमलावर पर टूट पड़े। दोनों के बीच जमकर झगड़ा हुआ। इस दौरान दिव्यांग हमलावर जमीन पर गिर गया। रामनरेश ने मौका देखते ही बदमाश का नकली पैर खींचकर अलग कर दिया और उसके हाथ से कट्टा भी छीन लिया। अपना पैर और हथियार छिनता देख हमलावर दहशत में आ गया और एक पैर से लंगड़ाते हुए वहां से भाग निकला है।
झोला देखकर पुलिस भी रह गई दंग
इस खौफनाक मंजर के बाद, रामनरेश ने जो किया वह अविश्वसनीय था। सीने में गोली लगी होने के बावजूद उन्होंने हिम्मत बांधी। उन्होंने हमलावर का नकली पैर और कट्टा अपने झोले में भरा और उसी हालत में पैदल चलकर सिटी कोतवाली थाने पहुंच गए।खून से लथपथ बुजुर्ग को झोले से ‘कटा हुआ नकली पैर’ और ‘पिस्तौल’ निकालते देख पुलिसकर्मी भी सन्न रह गए है। पुलिस ने तत्काल उन्हें वाहन से जिला अस्पताल भेजा जहा उसका उपचार जारी है। अब उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
लंगड़े’ आरोपी की तलाश में पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही सीएसपी देवेंद्र प्रताप सिंह जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने बताया कि संभवतः अंधेरे का फायदा उठाकर बदमाश ने लूट के इरादे से गोली मारी होगी। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है। चूंकि आरोपी का नकली पैर पुलिस के पास है, इसलिए पुलिस अब उस ‘एक पैर वाले’ फरार आरोपी की सरगर्मी से तलाश कर रही है।







