Satna News: सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के खेरमाई रोड में रविवार देर रात गोली चलने की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। जानकारी के मुताबिक यहां 55 वर्षीय संजय अग्रवाल नामक व्यक्ति को गोली मारकर घायल कर दिया गया। बताया जा रहा है कि संजय अग्रवाल रेत के कारोबार से जुड़ा हुआ है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घटना उस समय हुई, जब संजय अग्रवाल खेरमाई रोड क्षेत्र में पान खा रहे थे। इसी दौरान अज्ञात हमलावर ने उन पर गोली चला दी। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाते हुए जांच शुरू कर दी। घायल संजय अग्रवाल को उपचार के लिए बिरला अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। गोली किसने और किस वजह से चलाई, फिलहाल इसका स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। पुलिस हमलावर की पहचान और घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है।






