Satna News :मध्य प्रदेश में सतना जिले के नागौद से एक चौकाने वाला मामला सामने आया है। यहां सिविल लाइन क्षेत्र में मॉर्निंग वॉक पर निकलीं नायब तहसीलदार राजेन्द्र मांझी(tahseeldar Rajendra manjhi) की पत्नी विनीता मांझी को दो बाइक सवार युवकों ने अपना निशाना बनाया है। आरोपियों ने ‘देवी मां के साक्षात दर्शन’ कराने का झांसा देकर और कथित रूप से सम्मोहित कर उनके लाखों रुपये के कीमती आभूषण ठग लिए और मौके से फरार हो गए है।

दरअसल सुबह के समय विनीता मांझी सिविल लाइन क्षेत्र स्थित एसडीएम बंगले के पास टहल रही थीं। इसी दौरान एक बाइक पर सवार युवक उनके पास आया और बातचीत शुरू की। उसने कहा आप काफी परेशान लग रही हैं।” महिला ने पहले तो इंकार किया, लेकिन युवक ने दावा किया कि वह उनकी परेशानियां दूर कर सकता है और “देवी मां के दर्शन” करा सकता है।
दो दो पत्ते तोड़कर मंगाए
इस बात से जब विनीता ने मना किया, तो एक दूसरा युवक पैदल वहां आ गया और खुद के बहुत परेशान होने का नाटक करने लगा। बाइक सवार युवक ने साजिश के तहत दोनों को पास के पेड़ से दो-दो पत्ते तोड़कर लाने को कहा। पत्ते लाने के बाद, महिला का विश्वास जीतने के लिए बाइक सवार ने अपने साथी का पर्स विनीता के हाथ में थमा दिया और कुछ मंत्र पढ़ने का नाटक किया।
दस कदम चलकर आओ माता के दर्शन होंगे
इसके बाद उसने अपने साथी को 10 कदम आगे जाकर माता रानी के दर्शन करके आने को कहा। वह युवक कुछ दूर गया और लौटकर बोला कि उसे दर्शन हो गए। यह देखकर विनीता को उन पर यकीन होने लगा। फिर आरोपियों ने विनीता से कहा कि वे अपने सारे गहने उतारकर दूसरे युवक के हाथ में रख दें और 51 तक गिनती गिनते हुए 10 कदम आगे जाएं, तो उन्हें भी दर्शन हो जाएंगे। जैसे ही विनीता ने ऐसा किया और आगे बढ़ीं, दोनों आरोपी उनके गहने लेकर बाइक से फरार हो गए है।
मामला दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस
घटनास्थल के पास झाड़ू लगा रही एक महिला सफाईकर्मी ने भी वारदात को देखा। उसने बताया कि महिला के पास से तेज खुशबू आ रही थी और वह असामान्य अवस्था में लग रही थीं। जब उसने उनसे कुछ पूछने की कोशिश की तो उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया। सफाईकर्मी ने इसे कोई झाड़-फूंक का मामला समझकर ध्यान नहीं दिया।हालांकि घटना की सूचना मिलते ही नागौद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।







