Satna Rain Alert :शहर और आसपास के इलाकों में आखिरकार मानसून सक्रिय हो गया है। बुधवार शाम करीब 6:30 बजे से गरज-चमक के साथ बारिश शुरू हुई, जो देर रात तक जारी रही। मौसम विभाग के अनुसार सतना में एक रात में ही करीब 2 इंच से अधिक बारिश दर्ज की गई।

तेज बारिश के चलते कई कॉलोनियों की सड़कों पर जलभराव हो गया, जिससे लोगों का आवागमन प्रभावित हुआ। बुधवार को दिन का अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम तापमान 24.9 डिग्री रहा। सुबह हवा में नमी 92 प्रतिशत और शाम को 77 प्रतिशत दर्ज की गई।
अगले 48 घंटे का यलो अलर्ट
मौसम विभाग ने सतना समेत पूरे रीवा संभाग के लिए आगामी 48 घंटों तक यलो अलर्ट जारी किया है। अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से लगातार आ रही नमी युक्त हवाएं प्रदेश के मौसम को प्रभावित कर रही हैं। वहीं, बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के चलते आने वाले दिनों में भी मध्यम से तेज बारिश की संभावना जताई गई है।
बारिश से बिजली आपूर्ति ठप
तेज बारिश और हवाओं के कारण शहर की बिजली व्यवस्था भी प्रभावित हुई।
- 33 केवी लाइन में फॉल्ट आने से पुराना पावर हाउस और सब्जी मंडी विद्युत उपकेंद्र करीब 1 घंटे तक ठप रहा।
- पतेरी विद्युत उपकेंद्र का आरआरडब्ल्यू फीडर करीब 4 घंटे बंद रहा।
- ट्रांसपोर्ट नगर, सिंधी कैंप और टिकुरिया टोला क्षेत्र में 2 से 3 घंटे तक अंधेरा छाया रहा।
प्रशासन की अपील
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि खराब मौसम और तेज बारिश के दौरान अनावश्यक बाहर न निकलें और बिजली के खंभों या पेड़ों के पास खड़े होने से बचें।







