नई दिल्ली /मुंबई – भारतीय सिनेमा के दिग्गज और ‘ही-मैन’ के नाम से मशहूर अभिनेता धर्मेंद्र सोमवार को 89 वर्ष की आयु में इस दुनिया को अलविदा कह गए। मुंबई के विर्ले पार्ले श्मशान घाट में उन्हें अंतिम विदाई दी गई, जहां उनके बड़े बेटे सनी देओल ने उन्हें मुखाग्नि दी। धर्मेंद्र के निधन से पूरी इंडस्ट्री में मातम पसर गया है और भारतीय सिनेमा ने अपना एक सुनहरा सितारा खो दिया है।
धर्मेंद्र को 1 नवंबर को मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था और 12 नवंबर को डिस्चार्ज होने के बाद से ही घर पर उनकी देखरेख चल रही थी। सोमवार को उन्होंने अंतिम सांस ली।
फैंस को लगा झटका
सुजैन खान अपने भाई जायेद खान के साथ धर्मेंद्र के घर पहुंचे. उनका एक वीडियो सामने आया है, जिसमें सुजैन और जायेद दोनों भावुक नजर आ रहे हैं. हाल में ही सुजैन-जायेद की मां जरीन खान का निधन हुआ था.
धर्मेंद्र के अंतिम संस्कार के बाद प्रीति जिंटा, शिल्पा शेट्टी और काजोल समेत कई सेलेब्स उनके जुहू वाले घर पहुंच रहे हैं. पूरी देओल फैमिली को सांत्वना दे रहे हैं.
महेश बाबू ने कहा, “सिनेमा ने आज अपनी सबसे मजबूत आवाजों में से एक को खो दिया. आपने हर किरदार में जो ईमानदारी और वजन डाला, वह हमेशा प्रेरणा देता रहेगा. परिवार को इस मुश्किल घड़ी में हिम्मत मिले.”
रजनीकांत ने धर्मेंद्र को कहा-‘अलविदा’
सुपरस्टार रजनीकांत ने धर्मेंद्र को अलविदा कहते हुए लिखा, “अलविदा, मेरे दोस्त… आपका गोल्डन हार्ट था और मैं हमेशा आपके साथ बिताए पलों को याद रखूंगा. रेस्ट इन पीस, धरम जी. परिवार के साथ मेरी गहरी संवेदनाएं.”
काजोल धर्मेंद्र के अंतिम संस्कार के बाद उनके जुहू स्थित घर पहुंचीं. वह देओल फैमिली को सांत्वना देने पहुंची हैं. काजोल जब घर में एंट्री कर रही थीं, सिक्योरिटी गार्ड लोगों को पीछे हटाते हुए भी दिखाई दिए.
सुनहरे दौर का चमकता सितारा खो दियाः देवेंद्र फडणवीस
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सोमवार को कहा कि धर्मेंद्र का जाना सिनेमा के सुनहरे दौर के एक चमकते सितारे का जाना है. उन्होंने कहा कि धर्मेंद्र ने कई तरह के रोल किए, जिसमें रोमांस, एक्शन और जोशीला किरदार निभाया. इसके बाद उन्हें बॉलीवुड का ही-मैन कहा जाने लगा.
म्यूज़िक कंपोज़र ए.आर. रहमान ने धर्मेंद्र के निधन पर दुख जताया. उन्होंने भी धर्मंद्र श्रद्धांजलि दी है. उन्होंने एक्स पर लिखा, “एक हमेशा रहने वाले आइकॉन जिनकी कृपा, विनम्रता और हिम्मत ने स्क्रीन को रोशन किया और कई पीढ़ियों के दिलों को छुआ. उनकी कला ज़िंदा रहेगी, और उनकी दयालुता को याद किया जाएगा.”
तेलुगू स्टार वेंकटेशन ने धर्मेंद्र को श्रद्धांजलि दी. उन्होंने लिखा,“धर्मेंद्र जी एक आइकन से कहीं ज़्यादा थे. उनमें एक ऐसा प्यार था जिसने पीढ़ियों को छुआ और एक ऐसी ग्रेस थी जिसने भारतीय सिनेमा के पूरे दौर को बताया. उनकी फिल्में, उनका जज़्बा और उनकी परफ़ॉर्मेंस हमारे दिलों में ज़िंदा रहेंगी. भगवान उनकी आत्मा को शांति दे.”
नई दिल्ली: तेलुगु सुपरस्टार अल्लू अर्जुन ने धर्मेंद्र के निधन पर दुख जताते हुए उन्हें ‘लाखों दिलों को छूने वाला एक दिग्गज’ बताया. उन्होंने एक्स पर लिखा, ‘दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र जी के निधन की खबर सुनकर बहुत दुख हुआ. उनके परिवार, दोस्तों और फैंस के साथ मेरी संवेदना हैं.’
अमीषा पटेल ने धर्मेंद्र को किया याद- ‘सबसे अद्भुत इंसान’
अमीषा पटेल ने धर्मेंद्र के निधन पर दुख जताते हुए लिखा, ‘न्यूयॉर्क में अभी-अभी सबसे दुखदाई खबर के साथ सुबह उठी! ईश्वर आपकी आत्मा को शांति दे. वे न केवल बॉलीवुड के ही-मैन थे, सबसे गुड लुकिंग व्यक्ति भी थे. वे इंडस्ट्री के सबसे अच्छे, सबसे स्नेही और सबसे अद्भुत इंसान भी!’
करीना कपूर-काजोल-कियारा आडवाणी ने धर्मेंद्र को किया याद
धर्मेंद्र के निधन की खबर जैसे ही ऑनलाइन फैली, करण जौहर, काजोल, करीना कपूर खान और मनीष मल्होत्रा समेत कई बॉलीवुड सितारों ने सोशल मीडिया पर इस महान अभिनेता को भावभीनी श्रद्धांजलि दीं और उनसे जुड़ी यादें शेयर की.
धर्मेंद्र के निधन की वजह से आज शाम 4:05 बजे होने वाली एक बड़ी फिल्म की घोषणा रद्द कर दी गई है. ‘पेड्डी’ की प्रोडक्शन टीम ने एक इमोशनल मैसेज शेयर करके दुख जताया है. बयान में कहा गया है, ‘धर्मेंद्र जी के निधन की खबर सुनकर हमें गहरा दुख हुआ है, उसकी भरपाई कभी नहीं की जा सकती. इस दुख की घड़ी में और उनके सम्मान में आज की अनाउंसमेंट पोस्टपोन करते हैं.’
धर्मेंद्र की आखिरी पोस्ट हो रही वायरल
धर्मेंद्र ने अपने आखिरी पोस्ट में शायराना अंदाज में लिखा था, ‘आजकल गम-ए-दौरां से दूर गम-ए-दुनिया से दूर… अपने ही नशे में झूमता हूं.’ लोग पोस्ट पर कमेंट करके उन्हें अंतिम बार श्रद्धांजलि दे रहे हैं.
राजनाथ सिंह ने दी बॉलीवुड के ही-मैन को श्रद्धांजलि
हिंदी फिल्मों के दिग्गज अभिनेता और पूर्व सांसद श्री धर्मेंद्र जी के निधन से मैं अत्यंत दुखी हूं. अपनी बेहतरीन अदाकारी, सादगी और अनोखी charm से उन्होंने कई यादगार किरदारों को जीवंत कर दिया. भारतीय सिनेमा में उनका योगदान हमेशा याद किया जाएगा. शोकग्रस्त परिवार और उनके अनगिनत प्रशंसकों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं.
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने जताया दुख
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने धर्मेंद्र को श्रद्धांजलि देते हुए एक्स पर पोस्ट शेयर कर लिखा, जाने-माने एक्टर और पूर्व सांसद श्री धर्मेंद्र जी का निधन भारतीय सिनेमा के लिए एक बहुत बड़ा नुकसान है. सबसे पॉपुलर एक्टर्स में से एक, उन्होंने अपने दशकों लंबे शानदार करियर में कई यादगार परफॉर्मेंस दीं। भारतीय सिनेमा की एक बड़ी हस्ती के तौर पर, वह अपने पीछे एक ऐसी विरासत छोड़ गए हैं जो कलाकारों की नई पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी। उनके परिवार, दोस्तों और चाहने वालों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं.
राहुल गांधी ने दी धर्मेंद्र को भावभीनी श्रद्धांजलि
महान अभिनेता धर्मेंद्र जी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है और भारतीय कला जगत के लिए अपूरणीय क्षति है. सिनेमा में लगभग सात दशकों के उनके अद्वितीय योगदान को हमेशा सम्मान और मोहब्बत के साथ याद रखा जाएगा. धर्मेंद्र जी को अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं. इस दुख की घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके शोकाकुल परिवार, मित्रों और प्रशंसकों के साथ हैं.
अजय देवगन ने धर्मेंद्र को भावभीनी श्रद्धांजलि देते हुए उन्हें एक ऐसा दिग्गज बताया जिनकी गर्मजोशी, उदारता और उपस्थिति ने कलाकारों की कई पीढ़ियों को आकार दिया. उन्होंने कहा कि इंडस्ट्री ने एक ऐसा स्तंभ खो दिया है जिसने भारतीय सिनेमा की आत्मा को परिभाषित किया. अजय ने लिखा, “आपकी आत्मा को शांति मिले, धर्म जी. ओम शांति.”
धर्मेंद्र ने 89 साल की उम्र में इस दुनिया को अलविदा कह दिया है. उनका अंतिम संस्कार भी हो गया है. अंतिम संस्कार से लौटते हुए हेमा मालिनी का वीडियो सामने आया है जिसमें वह मीडिया को हाथ जोड़ते नजर आ रही हैं.
सुनील शेट्टी ने धर्मेंद्र के निधन पर जाहिर किया दुख
89 साल की उम्र में धर्मेंद्र का निधन हो गया है.उनके निधन पर बॉलीवुड एक्टर सुनील शेट्टी ने अपना दुख जाहिर करते हुए लिखा, ‘शालीनता में लिपटी शक्ति. गर्मजोशी में लिपटा स्टारडम…यही धरम पाजी की विरासत है. दुनिया के लिए वे ही-मैन थे. जो लोग उन्हें जानते थे, उनके लिए वे परम स्नेह थे. रेस्ट इन पावर धरम पाजी. शांति’.
धर्मेंद्र के निधन पर अमित शाह ने दुख जाहिर करते हुए पोस्ट किया है, उन्होंने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, ‘अपने बहतरीन अभिनय से 6 दशकों तक हर देशवासी के दिल को छूने वाले धर्मेंद्र जी का निधन भारतीय सिनेमा जगत के लिए अपूरणीय क्षति है. एक सामान्य परिवार से आकर उन्होंने फिल्म जगत में अपनी अमिट पहचान बनाई. धर्मेंद्र जी उन चुनिंदा अभिनेताओं में से एक रहे, जिन्होंने जिस किरदार को छुआ, वह जीवंत बन उठा और अपनी इसी कला के माध्यम से उन्होंने हर आयु-वर्ग के करोड़ों दर्शकों का दिल जीता. अपने अभिनय से वे सैदव हमारे बीच रहेंगे. ईश्वर पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और उनके परिजनों व प्रशंसकों को यह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें. ॐ शांति शांति शांति.








