Satna News :जिले में एक युवती ने अपने ही माता-पिता पर गंभीर आरोप लगाए हैं। युवती का कहना है कि उसके माता-पिता जबरन उसकी शादी करवा रहे हैं और इच्छा के विरुद्ध उसे प्रताड़ित कर रहे हैं। मामले में युवती ने पुलिस प्रशासन को लिखित शिकायत देकर कार्यवाही की मांग की है।

आवेदन में युवती दिव्यानी उर्फ सोनम तिवारी, निवासी ग्राम गालगऊ, तहसील विरसिंहपुर, थाना रामापुर, जिला सतना ने आरोप लगाया है कि उसके पिता गोविन्द प्रसाद तिवारी और मां नीलम तिवारी लंबे समय से उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर रहे हैं। युवती का कहना है कि दिनांक 18 अप्रैल 2025 को जबरन उसकी शादी रीवा जिले के एक युवक शिवशंकर मिश्रा से कर दी गई, जबकि वह किसी और से प्रेम करती थी और इस रिश्ते के खिलाफ थी।
युवती ने यह भी कहा कि माता-पिता उसे आए दिन कमरे में बंद करके मारपीट करते हैं और ससुराल जाने के लिए दबाव डालते हैं। जब वह इनकार करती है तो उसकी बेरहमी से पिटाई की जाती है। युवती का आरोप है कि शिकायत करने के बावजूद थाना कोलगवां और महिला थाना पुलिस ने उसकी मदद नहीं की।
आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि यदि कोई परिचित उसकी मदद करने की कोशिश करता है तो माता-पिता और परिजन उन लोगों के घर जाकर गाली-गलौज करते हैं और उन्हें झूठे केस में फंसाने की धमकी भी देते हैं।

युवती ने साफ कहा है कि वह बालिग है और अपने जीवन के फैसले खुद लेना चाहती है। वह अपने पति शिवशंकर मिश्रा के साथ नहीं रहना चाहती और अपनी नौकरी करके स्वतंत्र रूप से जीवन जीना चाहती है।
युवती ने एसपी को शिकायती पत्र देकर अनुरोध किया है कि उसके माता-पिता और अन्य जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्यवाही की जाए ताकि उसे न्याय मिल सके।







