Maihar Bus Truck accident :मैहर जिले के अमरपाटन थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पड़हा के पास नेशनल हाईवे-30 पर सोमवार रात बड़ा सड़क हादसा हो गया। रीवा से नागपुर जा रही एक यात्री बस सवारी उतार रही थी, तभी पीछे से तेज रफ्तार ट्रक ने बस को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में करीब एक दर्जन लोग घायल हो गए, जिनमें 5 की हालत गंभीर बताई जा रही है। ट्रक चालक भी इस दुर्घटना में घायल हुआ है।

जानकारी के अनुसार, यह हादसा सोमवार रात करीब 10 बजे हुआ। रीवा से नागपुर जा रही बस ग्राम पड़हा के पास यात्रियों को उतारने के लिए रुकी थी। इसी दौरान पीछे से आ रहे ट्रक ने बस को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बस से उतर रहे यात्री और ट्रक चालक सहित कई लोग घायल हो गए।
घटना में घायल ट्रक चालक की पहचान विजय प्रताप के रूप में हुई है, जो गुजरात के मिर्जापुर की ओर जा रहा था। वहीं बस सवार और उतर रहे यात्रियों में अशोक द्विवेदी (50) निवासी पड़हा, बलराम पाण्डेय (52) निवासी पड़हा, शांति देवी साकेत, सुनील कुमार निवासी हनुमना (रीवा), नील मिश्रा निवासी परियारी (मऊगंज), आरती यादव, अनिल कुशवाहा निवासी घुनवारा (मैहर), शुभम विश्वकर्मा निवासी पिपरा (मऊगंज), रामजी विश्वकर्मा निवासी पैपखार (मऊगंज) तथा विनय कुमार पटेल निवासी बरौनी (मऊगंज) सहित अन्य यात्री घायल हुए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एम्बुलेंस मौके पर पहुंची। सभी घायलों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल अमरपाटन भेजा गया, जहां गंभीर रूप से घायल पांच लोगों का इलाज जारी है।
पुलिस ने दुर्घटना का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।





