महाराष्ट्र के नांदेड जिले के उमरी तालुका के गोलेगांव से ऑनर किलिंग का दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक पिता ने अपनी 19 वर्षीय विवाहित बेटी और उसके प्रेमी की बेरहमी से हत्या कर दी और दोनों के शव पानी भरे कुएं में फेंक दिए। इस घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है।

सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि हत्या के बाद आरोपी पिता खुद थाने पहुंचा और पुलिस को वारदात की जानकारी दी।
आपत्तिजनक हालत में पकड़े गए प्रेमी युगल
मृतकों की पहचान संजीवनी कमले (19) और लखन भंडारे (19) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि संजीवनी की शादी एक साल पहले गोलेगांव निवासी सुधाकर कमले से हुई थी, लेकिन शादी से पहले उसका प्रेम संबंध लखन भंडारे से था। शादी के बाद भी दोनों का संपर्क जारी था।
सोमवार को जब परिवारजन घर से बाहर थे, संजीवनी ने लखन को बुला लिया। अचानक पति और परिजन लौटे और दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया। इसके बाद मामला बिगड़ गया और पति ने तुरंत ससुर को फोन किया।
पिता, दादा और चाचा ने मिलकर की हत्या
आरोप है कि संजीवनी के पिता मारोती सुरने, चाचा माधव सुरने और दादा लक्ष्मण सुरने मौके पर पहुंचे और बेटी को मायके ले जाने के बहाने दोनों को बेरहमी से पीटा। इसके बाद दोनों की निर्मम हत्या कर शव कुएं में फेंक दिए।
आरोपी गिरफ्तार
सोमवार शाम करीब 5 बजे आरोपी पिता थाने पहुंचा और पुलिस को हत्या की बात कबूल की। सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से संजीवनी का शव कुएं से बाहर निकाला। वहीं लखन के शव की तलाश देर रात तक जारी रही।
पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों – पिता, दादा और चाचा को गिरफ्तार कर लिया है। इस दोहरे हत्याकांड से पूरे जिले में सनसनी फैल गई है और गांव में दहशत का माहौल है।







