Maihar Ropway Close :देश भर के आस्था केंद्रों में विशेष महत्व रखने वाले एमपी मे मैहर के मां शारदा मंदिर में दर्शन करने वाले भक्तों के लिए बड़ी खबर है। मंदिर तक पहुंचाने वाली रोपवे सेवा 8 सितंबर से 17 सितंबर तक पूरी तरह बंद रहेगी। यह फैसला आगामी 22 सितंबर से शुरू होने वाले शारदेय नवरात्रि मेले को देखते हुए लिया गया है।

दरअसल रोपवे का संचालन करने वाली दामोदर रोपवे कंपनी ने जानकारी दी है कि इस अवधि में मशीनरी की सर्विसिंग और सुरक्षा जांच (मेंटेनेंस व सिक्योरिटी चेक) किया जाएगा।रोपवे ऑपरेट करने वाली दामोदर रोपवे कंपनी के प्रबंधन ने इसकी जानकारी मंदिर प्रबंध समिति और जिला प्रशासन को दी है। रोपवे प्रबंधन का कहना है कि लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच किसी भी तरह की खामी न आए, इसके लिए समय रहते तैयारी जरूरी है।
भक्तों को करनी होगी सीढ़ियों की चढ़ाई
रोपवे सेवा बंद रहने से इस दौरान माता के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं को 1063 सीढ़ियां चढ़नी होंगी। हालांकि, सुविधा के लिए शारदा एक्सप्रेस द्वारा वैन सेवा उपलब्ध रहेगी, लेकिन अंतिम हिस्से तक पहुंचने के लिए कुछ दूरी पैदल तय करनी पड़ेगी।
इसे भी पढ़े – Maihar :गणेश विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा: तीन यार नदी में बहे, दो को बचाया गया, एक की तलाश जारी
नवरात्रि में उमड़ती है लाखों श्रद्धालुओं की भीड़
मध्यप्रदेश ही नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश, बिहार, छत्तीसगढ़ समेत पूरे देश से लाखों श्रद्धालु मां शारदा के दरबार में नवरात्रि के दौरान पहुंचते हैं। ऐसे में प्रशासन और मंदिर समिति ने सुरक्षा, यातायात और दर्शन व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं।
18 सितंबर से पुनः शुरू होगा रोपवे
मंदिर समिति और जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे रोपवे बंद रहने की अवधि (8 से 17 सितंबर) में दर्शन हेतु आने पर वैकल्पिक व्यवस्थाओं का उपयोग करें और प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करें।मेंटेनेंस पूरा होने के बाद 18 सितंबर से रोपवे सेवा दोबारा शुरू कर दी जाएगी।







