New Virus: कोरोना वायरस की तबाही को शायद ही कोई भूल सकेगा। जिसने पूरी दुनिया को हिला कर रख दिया था। अब जब सब कुछ धीरे-धीरे सामान्य हो रहा है तब एक और डरावनी खबर चीन से आई है। चीनी वैज्ञानिकों ने 20 ऐसे नए वायरस खोजे हैं जो कोरोना से भी ज़्यादा खतरनाक बताए जा रहे हैं। ये वायरस इंसानों और जानवरों दोनों में फैल सकते हैं। यही नहीं इनका संबंध भी उसी स्रोत से बताया जा रहा है जिससे पहले कोरोना फैला था यानी चमगादड़ों से। इससे लोगों में चिंता और डर का माहौल एक बार फिर से बन गया है।
चमगादड़ों में मिले 20 खतरनाक वायरस
चीन के युन्नान प्रांत में वैज्ञानिकों ने 2017 से 2021 के बीच 142 चमगादड़ों के किडनी टिशू की जांच की। इसमें से 22 ऐसे वायरस पाए गए जो बेहद घातक माने जा रहे हैं। इनमें से दो वायरस Hendra और Nipah जैसे हैं जिनके बारे में पहले से ही डर बना हुआ है। रिसर्च में एक अनजान बैक्टीरिया और एक पैरासाइट ‘Klosiella yunnanensis’ भी मिला है। ये सभी वायरस और जीवाणु चमगादड़ों में पाए गए हैं और वैज्ञानिकों का कहना है कि इनमें से कई वायरस इंसानों तक भी आसानी से पहुंच सकते हैं।
कैसे फैल सकते हैं ये वायरस इंसानों में
इन वायरसों का फैलाव भी उतना ही डरावना है जितना खुद वायरस। अगर चमगादड़ संक्रमित हैं तो उनके पेशाब और मल के ज़रिए ये वायरस फलों या पानी तक पहुंच सकते हैं। अगर कोई व्यक्ति ऐसा फल खाता है या ऐसा पानी पीता है तो वायरस सीधे उसके शरीर में चला जाएगा। इन वायरसों के इंसानों में पहुंचते ही वो कोरोना जैसी सांस की बीमारियां पैदा कर सकते हैं। इतना ही नहीं दिमाग में सूजन जैसी गंभीर समस्याएं भी हो सकती हैं जो जानलेवा साबित हो सकती हैं।
कोई नई महामारी नहीं लेकिन खतरा टला नहीं
हालांकि वैज्ञानिकों ने अभी तक यह नहीं कहा है कि कोई नई महामारी शुरू होने वाली है। लेकिन उन्होंने इस बात से भी इंकार नहीं किया कि अगर इन वायरसों पर ध्यान नहीं दिया गया तो आगे चलकर ये कोरोना से भी बड़ी मुसीबत बन सकते हैं। खासकर तब जब पूरी दुनिया ने हाल ही में कोरोना जैसी महामारी देखी है और उसके जख्म अभी भरे भी नहीं हैं। इसलिए इस बार जरूरी है कि पूरी दुनिया इस शोध को गंभीरता से ले और समय रहते सतर्कता बरते।
