अवैध कालोनियों के विरूद्ध चलेगा प्रशासन का डंडा,मंत्री ने समीक्षा बैठक में दिये सख्त निर्देश
सतना,मध्यप्रदेश।।मध्य प्रदेश के सतना में अवैध कॉलोनियों के खिलाफ प्रशासन सख्त कार्रवाई करने जा रहा है। नगरीय विकास एवं आवास राज्य मंत्री प्रतिमा बागरी ने शनिवार को नगर निगम कार्यालय सतना के सभागार में नगर निगम और स्मार्ट सिटी के कार्यों की समीक्षा बैठक की है जिसमे उन्होंने शहर में बने अवैध कालोनियों पर सख्त कार्यवाही करने का निर्णय लिया है।
दरअसल, नगरीय विकास एवं आवास राज्य मंत्री प्रतिमा बागरी ने शनिवार को नगर निगम कार्यालय सतना के सभागार में नगर निगम और स्मार्ट सिटी के कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान राज्य मंत्री ने सतना नगर निगम अंतर्गत अब तक वैध की गई कॉलोनियों और नई विकसित अवैध कॉलोनियों के खिलाफ की जा रही कार्रवाई की जानकारी प्राप्त की है। उन्होंने कहा कि अवैध कॉलोनाइजरों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए और अवैध कॉलोनियों के विकास को रोका जाए।
दुकानों के सामने डस्टबीन रखने के निर्देश
राज्य मंत्री ने शहर की सफाई व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने तथा डिवाइडरों के आसपास जमा कचड़े को हटवाकर सफाई करवाने के निर्देश दिए है। उन्होंने शहर के सभी दुकानदारों को अपनी दुकानों के सामने पर्याप्त क्षमता के डस्टबिन रखने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि स्वच्छ भारत मिशन 2024-25 में सतना नगर निगम को अग्रणी स्थान पर लाना है। इसके लिए सभी अधिकारी/कर्मचारी एकजुट होकर प्रयास करें।
व्यंकटेश मन्दिर से हटेगा अतिक्रमण
अतिक्रमण विभाग की समीक्षा करते हुए राज्य मंत्री ने निर्देश दिए कि बस स्टैंड के आसपास के अतिक्रमण हटाए जाएं। लेकिन अतिक्रमण हटाने से एक दिन पहले माइक से अनाउंसमेंट भी कराया जाए। इसी तरह वेंकटेश मंदिर जाने वाले रास्ते से भी अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। इसी तरह शहर के सार्वजनिक रास्तों से भी अतिक्रमण नियमित रूप से हटाए जाएं।
बैठक में ये रहे शामिल
बैठक में महापौर योगेश ताम्रकार, नगर पालिक निगम अध्यक्ष राजेश चतुर्वेदी, डायरेक्टर स्मार्ट सिटी सतना महेन्द्र पाण्डेय, आयुक्त नगर पालिक निगम शेर सिंह मीना, उपायुक्त भूपेन्द्र सिंह परमार, अधीक्षण यंत्री एस.के.सिंह, अरूण तिवारी, कार्यपालन यंत्री आर.पी.सिंह, सिद्धार्थ सिंह, उत्कर्ष प्रताप सिंह, अजय गुप्ता, सहायक यंत्री, हरिमित्र श्रीवास्तव सहायक आयुक्त, मानोज दुबे कार्यपान यंत्री हॉउसिंग बोर्ड, विधिकारी गौरव श्रीवास्तव, दीपक शर्मा सिटी मैनेजर भी उपस्थित रहे।