Satna News today : मध्यप्रदेश के सतना जिले में लंबे समय से चल रही अवैध मांस मंडियों के खिलाफ गुरुवार को विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल का गुस्सा फूट पड़ा है। सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने शहर के खूंथी इलाके में कलेक्ट्रेट रोड पर टायर जलाकर चक्काजाम कर दिया और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की है। प्रदर्शन के बाद हरकत में आए प्रशासन ने कुछ अवैध दुकानों पर बुलडोजर भी चलाया है।

दरअसल गुरुवार को विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के सैकड़ों कार्यकर्ता खूंथी इलाके में इकट्ठा हुए। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि शहर के खूंथी, सिंधी कैंप, टिकुरिया टोला समेत दर्जनों इलाकों में अवैध रूप से मांस की दुकानें और मंडियां संचालित हो रही हैं।जिससे आम लोगों को, खासकर महिलाओं को परेशानी होती है।
‘प्रशासन की साठगांठ से चल रहा कारोबार’
कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि वे इस मुद्दे को लेकर कई बार ज्ञापन दे चुके हैं, लेकिन जिला प्रशासन, नगर निगम और पुलिस की मिलीभगत के चलते कोई स्थायी कार्रवाई नहीं होती है। उन्होंने कहा कि हर बार विरोध के बाद कुछ दिनों के लिए दुकानें हटाई जाती हैं, लेकिन फिर ‘साठगांठ’ के चलते वे वापस लग जाती हैं।विरोध प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने एसडीएम राहुल सिलाड़िया को कलेक्टर के नाम 100 वां ज्ञापन सौंपा है।
भारी संख्या में तैनात रहा पुलिस बल
बजरंग दल के उग्र प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन ने खूंथी इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया था। कलेक्ट्रेट जाने वाले रास्ते पर बैरिकेडिंग कर हेलमेट और जैकेट पहने भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था।
दुकानों पर गरजा बुलडोजर
हालांकि विरोध प्रदर्शन के बाद प्रशासन हरकत में आया है। नगर निगम के अमले ने माइक से अनाउंसमेंट कर दुकानदारों को तत्काल अपनी अवैध दुकानें हटाने की चेतावनी दी। इसके बाद, चेतावनी को नजरअंदाज करने वाली कुछ दुकानों पर बुलडोजर की कार्रवाई भी की गई है।







