सतना, मध्य प्रदेश। सतना सांसद गणेश सिंह के कथित ‘थप्पड़ कांड’ से उपजा राजनीतिक बवाल थमने का नाम नहीं ले रहा है। यह मामला अब भोपाल समेत पूरे प्रदेश की सियासत में आग की तरह फैल चुका है। इसी बीच, सतना भाजपा जिलाध्यक्ष भगवती पांडे का एक बयान सोशल मीडिया पर तेज़ी से वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी को ‘टुच्चा’ कहकर संबोधित किया है। इस बयान ने जिले की राजनीति में नया उबाल ला दिया है।

कांग्रेस का पलटवार: ‘भाजपा जिलाध्यक्ष भी हकलाते और तोतलाते हैं‘
भाजपा जिलाध्यक्ष के इस आपत्तिजनक शब्द के प्रयोग के बाद, कांग्रेस खेमे में हलचल मच गई और उन्होंने तत्काल पलटवार किया। कांग्रेस नेता रितेश त्रिपाठी ने भगवती पांडे के बयान की कड़ी निंदा की है।
- “भगवती पांडे जी, जो एक सम्मानित पद पर हैं, वह भाजपा के जिला अध्यक्ष हैं, पर उनके द्वारा इतने हल्के शब्दों का प्रयोग किया गया। मैं इसकी निंदा करता हूं। मैं भगवती पांडे जी को यह सलाह देता हूं कि दोबारा वह ऐसे हल्के शब्दों का प्रयोग न करें।”
- त्रिपाठी ने आगे कहा कि जीतू पटवारी उनसे बहुत बड़े नेता हैं, जो कई बार राऊ विधानसभा से चुनाव जीतकर अब कांग्रेस का नेतृत्व कर रहे हैं। कांग्रेस नेता रितेश त्रिपाठी ने इस जुबानी जंग को और तेज़ करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष पर व्यक्तिगत टिप्पणी भी की।
- रितेश त्रिपाठी ने कहा कि, “वैसे तो भाजपा जिला अध्यक्ष भी हकलाते और तोतलाते हैं।”
- अब देखना यह होगा कि जुबानी जंग की यह आग कहाँ तक जाती है और भाजपा इस व्यक्तिगत हमले का जवाब कैसे देती है।
सांसद गणेश सिंह का थप्पड़ कांड बना सियासी तूफ़ान
आपको बता दें कि यह सारा बवाल शुक्रवार, 31 अक्टूबर को ‘रन फॉर यूनिटी’ दौड़ के दौरान शुरू हुआ था, जब सेमरिया चौक पर बाबा साहब भीमराव आंबेडकर की मूर्ति पर माल्यार्पण करते समय सांसद गणेश सिंह नगर निगम की क्रेन मशीन पर चढ़े थे। इसी दौरान वे सीटिंग केबिल में उलझ गए और कथित तौर पर उन्होंने निगम के एक कर्मचारी को थप्पड़ मार दिया था।
इस घटना के बाद से कांग्रेस लगातार सांसद पर FIR दर्ज करने की मांग को लेकर हमलावर है, तो वहीं भाजपा ने इसे ‘सांसद की हत्या की साजिश’ बताकर एक नया मोड़ दे दिया है। जिलाध्यक्ष भगवती पांडे की जीतू पटवारी पर टिप्पणी इसी सियासी खींचतान का ताजा परिणाम है।







