Prasad Pujari Attack:मुंबई की सबसे सुरक्षित मानी जाने वाली आर्थर रोड जेल एक बार फिर विवादों में है। बुधवार दोपहर जेल में गैंगवार की बड़ी घटना सामने आई जिसमें कुख्यात गैंगस्टर प्रसाद पुजारी पर हमला किया गया। इस हिंसक झड़प में किसी कैदी को गंभीर चोट नहीं आई है लेकिन जेल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर कई सवाल खड़े हो गए हैं।
गैंग के टकराव में फंसा पुजारी
यह घटना बुधवार दोपहर करीब 12:30 बजे की है, जब जेल परिसर में दो गैंगों के बीच झड़प हो गई। इस झड़प में प्रसाद पुजारी पर हमला किया गया। बता दें कि पुजारी पर मुंबई अंडरवर्ल्ड से जुड़े कई संगीन आरोप हैं और वह लगभग 20 साल तक फरार था। पिछले साल ही उसे चीन से भारत लाया गया था और फिलहाल वह आर्थर रोड जेल में बंद है।
FIR में दर्ज 7 कैदियों के नाम
इस गैंगवार को लेकर NM जोशी पुलिस स्टेशन में FIR दर्ज की गई है। शिकायत के आधार पर भारतीय दंड संहिता (BNS) की धारा 194(2) के तहत दंगा और हमला करने का मामला दर्ज किया गया है। FIR में जिन सात कैदियों के नाम शामिल हैं, वे हैं:
प्रसाद विठ्ठल पुजारी
इरफान रहीम खान
शुऐब खान उर्फ भूर्या
अयूब अनुमुद्दीन शेख
मुकेश सीताराम निषाद
लोकेन्द्र उदय सिंह रावत
सिद्धेश संतोष भोसले
पुलिस ने बताया कि झड़प के दौरान किसी को गंभीर चोट नहीं आई लेकिन सुरक्षा को लेकर चिंता ज़रूर बढ़ गई है।
कौन है प्रसाद पुजारी?
प्रसाद पुजारी का नाम मुंबई अंडरवर्ल्ड से जुड़े कई मामलों में सामने आ चुका है। उसके खिलाफ हत्या, वसूली, सुपारी किलिंग, जैसे संगीन आरोप दर्ज हैं। अंडरवर्ल्ड में उसे सिद्धार्थ शेट्टी, सिड, जॉनी जैसे नामों से भी जाना जाता है। वह चीन में वर्षों तक छिपा रहा, और Interpol की मदद से भारत लाया गया। जेल में आने के बाद भी उसकी सक्रियता पर नजर रखी जा रही थी।
हाई सिक्योरिटी जेल में गैंगवार, कैसे?
आर्थर रोड जेल को देश की सबसे सुरक्षित जेलों में गिना जाता है। इसके बावजूद ऐसे गैंगवार का होना कई सुरक्षा खामियों की ओर इशारा करता है। जेल प्रशासन पर सवाल उठ रहे हैं कि आखिर कैसे हथियार जैसे साधन कैदियों के पास पहुंच जाते हैं और कैसे वे आपस में गिरोह बनाकर हमले की योजना बना लेते हैं।
जांच शुरू, जेल प्रशासन अलर्ट
घटना के बाद जेल प्रशासन ने मामले की रिपोर्ट NM जोशी मार्ग पुलिस थाने में दी और पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज किया। फिलहाल इस पूरी घटना की जांच चल रही है और सभी संबंधित अधिकारियों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही जेल में सुरक्षा को और मजबूत करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
जेलों में बढ़ती हिंसा चिंता का विषय
भारत की कई जेलों में गैंगवार की घटनाएं बढ़ रही हैं, खासकर जब कुख्यात अपराधी एक ही जेल में बंद होते हैं। कैदी आपस में पुराने दुश्मनी के हिसाब से भिड़ जाते हैं, जिससे जेल का अनुशासन टूटता है और प्रशासन पर दबाव बढ़ता है।
