Satna News :सतना की कोलगवां थाना पुलिस ने भैंस व्यापारियों की आंख में मिर्ची झोंककर साढ़े 9 लाख रुपए लूटने की सनसनीखेज वारदात का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। इस पूरी साजिश का मास्टरमाइंड कोई और नहीं, बल्कि व्यापारियों का अपना ही ट्रक ड्राइवर निकला है, जिसने अपने चार साथियों के साथ मिलकर इस लूट की योजना बनाई थी। पुलिस ने पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 8 लाख 70 हजार रुपए नकद और घटना में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद कर ली है।

पुलिस के मुताबिक वारदात 1 अक्टूबर की सुबह हुई थी। रीवा जिले के बैकुंठपुर निवासी भैंस व्यापारी मोहम्मद नसीम ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह अपने मामा मकसूद सौदागर के साथ 31 भैंसें लेकर उन्नाव (यूपी) गए थे। भैंसों को बेचने के बाद मिले 9.50 लाख रुपए लेकर वे अपने ही डीसीएम ट्रक से सतना वापस लौटे। ट्रक ड्राइवर बाल्मीक साकेत ने उन्हें कारगिल ढाबे के पास यह कहकर उतार दिया कि यहां से रीवा के लिए बस मिल जाएगी।
आंखों में झोंक दिया मिर्ची पाउडर
जैसे ही वे बस का इंतजार कर रहे थे, तभी एक बिना नंबर की अपाचे बाइक पर तीन नकाबपोश युवक आए और पता पूछने के बहाने उनके करीब पहुंचे। इससे पहले कि वे कुछ समझ पाते, बदमाशों ने दोनों की आंखों में मिर्ची पाउडर झोंक दिया और पैसों से भरा बैग छीनकर फरार हो गए।
ड्राइवर की कहानी पर हुआ पुलिस को शक
पुलिस ने जब जांच शुरू की तो ड्राइवर बाल्मीक साकेत की भूमिका संदिग्ध लगी। सीसीटीवी फुटेज और साइबर सेल की मदद से पुलिस ने ड्राइवर बाल्मीक और उसके साथी निखिल मलिक को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की। पूछताछ में ड्राइवर टूट गया और उसने पूरी साजिश का खुलासा कर दिया।
ड्राइवर ने ही रची थी लूट की साजिश
सीएसपी देवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि आरोपी ड्राइवर बाल्मीक साकेत ने कबूल किया कि उसे पता था कि व्यापारियों के पास बड़ी रकम है। उसने अपने दोस्त अंकित साकेत, फैजान उर्फ सोहेल खान, निखिल मलिक और मोहम्मद इरफान के साथ मिलकर उन्हें लूटने का प्लान बनाया। योजना के मुताबिक, उसने ही व्यापारियों को सुनसान जगह पर उतारा और अपने साथियों को उनकी लोकेशन बता दी, जिसके बाद उन्होंने वारदात को अंजाम दिया।पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सभी पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उनके पास से लूट के आठ लाख 70 हजार रुपए, 5 मोबाइल फोन और एक अपाचे बाइक जब्त की है।सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया हैं।







