सतना: जम्मू-कश्मीर में ड्यूटी के दौरान ब्रेन हेमरेज से सूबेदार मेजर दिलीप पांडेय का निधन सैन्य सम्मान के साथ दी गई अंतिम विदाई, पोते का मुंह देखने की इच्छा रह गई अधूरी
सतना : देश की सरहदों की रक्षा में तैनात सतना जिले के वीर सपूत सूबेदार मेजर दिलीप पांडेय का जम्मू-कश्मीर में ड्यूटी ...
सतना : देश की सरहदों की रक्षा में तैनात सतना जिले के वीर सपूत सूबेदार मेजर दिलीप पांडेय का जम्मू-कश्मीर में ड्यूटी के दौरान ब्रेन हेमरेज से निधन हो गया। वे भारतीय थलसेना की आर्मी एयर डिफेंस कोर में पदस्थ थे। शुक्रवार सुबह जैसे ही उनके निधन की दुखद खबर गृह ग्राम चौड़ा पहुंची, पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। शनिवार सुबह उनका पार्थिव शरीर पैतृक गांव चौड़ा लाया गया, जहां पूरे सैन्य सम्मान के साथ नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी गई।
गांव में सैन्य सम्मान से अंतिम संस्कार हुआ।
पोते के जन्म की खुशी में दीपावली पर आने वाले थे घर, अधूरी रह गई हसरत
परिजनों के मुताबिक, कुछ दिन पहले जम्मू-कश्मीर में ड्यूटी पर रहते हुए अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई थी, जिसके बाद सेना के अस्पताल में उनका उपचार जारी था। परिवार में हाल ही में बड़े बेटे विक्रम के घर पुत्र रत्न की प्राप्ति हुई थी। अपने पोते का मुंह देखने और परिवार के साथ खुशियां बांटने के लिए वे दीपावली की छुट्टियों में घर आने वाले थे। लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था और शुक्रवार सुबह उपचार के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली।
दीपावली पर घर आने वाले थे दिलीप पांडेय।
छोटे बेटे विनीत ने दी मुखाग्नि; गमगीन माहौल में उमड़ा जनसैलाब
शनिवार को गृह ग्राम चौड़ा में अंतिम संस्कार के दौरान इंदौर में रहकर पढ़ाई कर रहे छोटे बेटे विनीत पांडेय ने अपने पिता को मुखाग्नि दी। इस हृदयविदारक दृश्य को देखकर पत्नी संध्या पांडेय, बड़े बेटे विक्रम और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। आर्मी एयर डिफेंस कोर में तैनात रहकर दुश्मन के विमानों, ड्रोन और मिसाइल हमलों से देश के हवाई क्षेत्र की सुरक्षा करने वाले इस वीर सैनिक की शहादत पर पूरे सतना अंचल को गर्व है। अंतिम यात्रा में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की।