Sex चेंज story: सरिता से शरद बनीं, सविता से की शादी, अब घर में गूंजी किलकारी”

उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में दो साल पहले जेंडर परिवर्तन करवाने वाले शरद सिंह के घर हाल ही में बेटे का जन्म हुआ है। उनकी पत्नी, सविता सिंह, ने एक निजी अस्पताल में ऑपरेशन के जरिए बेटे को जन्म दिया। शरद सिंह का कहना है कि पिता बनने का सुख उन्हें अत्यधिक खुशी दे रहा है और वह कहते हैं कि इस खुशी को शब्दों में व्यक्त करना मुश्किल है। जच्चा-बच्चा दोनों स्वस्थ हैं।

जानकारी के मुताबिक, काकोरी ट्रेन एक्शन के बलिदानी ठाकुर रोशन सिंह की प्रपौत्री सरिता सिंह ने 2021-22 में जेंडर परिवर्तन की प्रक्रिया शुरू की थी। वह बचपन से ही लड़कों जैसी आदतें और रूप में थीं। इसके बाद उन्होंने लखनऊ में हार्मोन थेरेपी कराई, जिससे उनके चेहरे पर दाढ़ी आ गई और आवाज भी भारी हो गई थी।
2023 की शुरुआत में, शरद सिंह ने इंदौर में सर्जरी करवा कर अपना जेंडर बदलवा लिया था। 27 जून 2023 को तत्कालीन डीएम उमेश प्रताप सिंह ने उन्हें जेंडर परिवर्तन का प्रमाण पत्र शरद सिंह के नाम से जारी किया।
शरद सिंह ने बताया कि उनकी पत्नी सविता सिंह का 10-15 साल पहले जो सपना था, वह आज सच हुआ है। उन्होंने कहा कि उनके परिवार में 26 साल बाद पुत्र का जन्म हुआ है, और यह उनके जीवन की सबसे बड़ी खुशी है। शरद सिंह फिलहाल विकासखंड ददरौल के प्राथमिक विद्यालय सतवा खुर्द में सहायक अध्यापक के रूप में कार्यरत हैं।
शरद सिंह ने बताया कि उन्होंने हमेशा लड़के की तरह रहने की इच्छा जताई थी, और इसके कारण उन्हें कई मुश्किलों का सामना करना पड़ा। लोगों के ताने भी सहने पड़े, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी। इंदौर में सर्जरी के बाद उन्होंने लिंग परिवर्तन का प्रमाण पत्र हासिल किया और पहचान पत्र में बदलाव करवा लिया।
इसके बाद, खुदागंज के नवादा दारोबस्त गांव के निवासी शरद सिंह ने 23 नवंबर 2023 को पीलीभीत जिले के देवहा गांव की निवासी सविता सिंह से शादी कर ली। पिछले बुधवार को सुबह सविता सिंह को प्रसव पीड़ा हुई, और उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां शाम को ऑपरेशन के माध्यम से उन्होंने एक बेटे को जन्म दिया।