सतना। शहर में नशीली कफ सिरप की बिक्री और सप्लाई के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। सिटी कोतवाली पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 61 शीशी अनरेक्स कफ सिरप बरामद की है। जब्त सिरप की कीमत करीब 15,500 रुपये बताई गई है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को रविवार को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। Satna Crime
स्टेशन की ओर जा रहे थे दो युवक
पुलिस के मुताबिक शनिवार को टीम शहर में गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दो युवक कफ सिरप लेकर स्टेशन की तरफ जा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने रामना टोला से स्टेशन जाने वाली गली में दोनों युवकों को रोकने की कोशिश की। पुलिस को देखते ही दोनों युवक भागने लगे, लेकिन टीम ने पीछा कर उन्हें पकड़ लिया। पूछताछ में उनकी पहचान सूरज वर्मा (20), निवासी मुंबई और शिवम राजभर उर्फ बादी (19), निवासी आजमगढ़ के रूप में हुई। शिवम फिलहाल मुंबई में रह रहा था।
पुलिस ने दोनों के बैग की तलाशी ली तो उसमें 39 शीशी अनरेक्स कफ सिरप मिली। दोनों युवक सिरप से जुड़े कोई वैध दस्तावेज पुलिस को नहीं दिखा सके।
पूछताछ के बाद तीसरे आरोपी तक पहुंची पुलिस
पुलिस ने दोनों युवकों से पूछताछ की तो उन्होंने बताया कि कफ सिरप उन्होंने बजरहा टोला के पास रहने वाले उदय सिंह से खरीदी थी। इसके बाद पुलिस ने उदय सिंह की तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने चीकू प्वाइंट, बजरहा टोला के पास एक युवक को पकड़ा। पुलिस के अनुसार, वह टीम को देखकर भागने की कोशिश कर रहा था। पूछताछ में उसकी पहचान आदर्श नगर, हवाई पट्टी, कोलगवां निवासी उदय सिंह उर्फ प्रिंस उर्फ कल्लू (19) के रूप में हुई।
उदय सिंह के पास मिली 22 शीशी
पुलिस ने उदय सिंह की तलाशी ली तो उसके पास से 22 शीशी कफ सिरप बरामद हुई। इस तरह दोनों युवकों के पास मिली 39 शीशियों और उदय सिंह से बरामद 22 शीशियों को मिलाकर पुलिस ने कुल 61 शीशी कफ सिरप जब्त की।
सिटी कोतवाली पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कार्रवाई की। रविवार को तीनों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि कफ सिरप की सप्लाई कहां से हो रही थी और इसमें कोई अन्य व्यक्ति शामिल है या नहीं।bvv







