Chattisgarh News :नक्सल प्रभावित छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में सुरक्षाबलों ने एक और बड़ी कामयाबी हासिल की है। मेट्टागुड़ा कैम्प क्षेत्र के कोईमेंटा पहाड़ी इलाके में सुरक्षाबलों ने संयुक्त अभियान चलाकर नक्सलियों का बड़ा जखीरा बरामद किया। इसमें हथियार, विस्फोटक और लोहे की सामग्री शामिल है।

यह अभियान 23 अगस्त को 203 कोबरा वाहिनी, 241 बस्तर बटालियन (CRPF) और जिला बल की संयुक्त टीम ने चलाया। नक्सलियों की मौजूदगी की पुख्ता जानकारी मिलने के बाद जवान बोटेलंका, ईरापल्ली, कोईमेंटा और दारेली के जंगल और पहाड़ी क्षेत्रों में रवाना हुए।
नक्सली ठिकाने का खुलासा
अभियान के दौरान कोईमेंटा की पहाड़ियों में छिपा नक्सलियों का गुप्त डंप मिला। यहां से सुरक्षाबलों ने देसी रायफल, बीजीएल लांचर, विस्फोटक सामग्री, लोहे के औजार, वायर, काली वर्दी और बैटरी केसिंग बरामद किए। माना जा रहा है कि नक्सलियों ने यह सामग्री सुरक्षाबलों को नुकसान पहुंचाने के इरादे से छिपाकर रखी थी।
नेतृत्व और सफलता
पूरे अभियान का नेतृत्व 203 कोबरा वाहिनी के कमांडेंट पवन कुमार सिंह और डिप्टी कमांडेंट प्रवीण कुमार ने किया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान में जवानों ने नक्सलियों की साजिश को नाकाम कर दिया और सुरक्षित वापस लौट आए।
बरामद की गई सामग्री
इस ऑपरेशन में देसी रायफल, बीजीएल लांचर और बैरल, यूएवी ‘नेत्रा’ का टूटा प्रोपेलर,वेल्डिंग और इलेक्ट्रिक उपकरण,आयरन पाइप, क्लैम्प्स, बेस प्लेट, पोल एंगलर,काली वर्दी, एम्यूनिशन पोच,इन्वर्टर बैटरी केसिंग, 20 मीटर इलेक्ट्रिक वायर एक्सटेंशन बोर्ड आदि सामग्री बरामद की गई है।







