सतना (मध्य प्रदेश): मध्य प्रदेश के सतना में ‘राष्ट्रीय एकता दिवस’ के अवसर पर आयोजित ‘रन फॉर यूनिटी’ कार्यक्रम की चमक पर उस समय विवाद का साया पड़ गया, जब सतना से बीजेपी सांसद गणेश सिंह ने एक मशीन ऑपरेटर को सार्वजनिक रूप से थप्पड़ जड़ दिया। यह घटना शहर के सेमरिया चौक स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के पास हुई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
तकनीकी खराबी से नाराज हुए सांसद
यह घटना शुक्रवार को सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान हुई। जानकारी के अनुसार, ‘रन फॉर यूनिटी’ के बाद दोपहर में बीजेपी सांसद गणेश सिंह को हाइड्रोलिक क्रेन की मदद से ऊपर उठाकर प्रतिमा पर माल्यार्पण कराया जा रहा था। माल्यार्पण के बाद जब सांसद नीचे उतर रहे थे, तो मशीन में अचानक तकनीकी खराबी आ गई और वह बीच में ही रुक गई।सांसद करीब आधा मिनट तक हवा में झूलते रहे और मशीन हिलने से असंतुलन की स्थिति बन गई। इस दौरान मौके पर भाजपा कार्यकर्ता, नगर निगम अधिकारी और प्रशासनिक अमला मौजूद था।

नीचे उतरते ही ऑपरेटर को मारा ‘तमाचा’
हवा में फंसे रहने और असंतुलन की स्थिति से सांसद गणेश सिंह बेहद नाराज हो गए। नीचे उतरने के बाद उन्होंने तुरंत क्रेन ऑपरेटर को अपने पास बुलाया और सबके सामने एक ‘तमाचा’ मार दिया। इस अप्रत्याशित घटना से मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। उपस्थित लोगों ने तुरंत इस घटना का वीडियो अपने मोबाइल में कैद कर लिया, जो अब इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रहा है और चर्चा का केंद्र बन गया है।
लोगों ने उठाई संयम रखने की मांग
राष्ट्रीय एकता के संदेश के लिए आयोजित किए गए इस पावन कार्यक्रम में हुई इस घटना पर लोगों ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि नेताओं को सार्वजनिक आयोजनों में संयम और मर्यादा का पालन करना चाहिए, ताकि राष्ट्रीय पर्व की भावना पर किसी तरह की आंच न आए।








