मैहर/विंध्य : मध्य प्रदेश के मैहर जिले में नेशनल हाईवे-30 पर रविवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जबलपुर से घूमकर सिंगरौली लौट रहे तीन युवकों की तेज रफ्तार वरना कार आगे चल रहे एक टैंकर के पिछले हिस्से में जा घुसी। टक्कर इतनी भयानक थी कि कार टैंकर में फंसकर करीब 100 मीटर तक सड़क पर घिसटती चली गई। इसके तुरंत बाद कार में भीषण आग लग गई, जिससे वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो गया। गनीमत यह रही कि कार में सवार तीनों युवक समय रहते किसी तरह बाहर निकलने में सफल रहे, हालांकि वे गंभीर रूप से घायल हैं।
सिमरन सरोवर होटल के पास हुआ हादसा, टैंकर चालक के रोकने पर बाहर आए युवक
प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस के मुताबिक, यह हादसा रात करीब 9:30 बजे सिमरन सरोवर होटल के पास हुआ। कार (क्रमांक MP 66 ZC 4783) में सवार तीनों युवक जबलपुर से अपने घर बैढ़न (सिंगरौली) लौट रहे थे। टैंकर चालक ने जब वाहन में कार के फंसे होने और घिसटने का अहसास किया, तो उसने तुरंत टैंकर रोक दिया। गाड़ी रुकते ही कार में शॉर्ट सर्किट से आग भड़क उठी। आग की लपटें देख मौके पर अफरा-तफरी मच गई, लेकिन घायलों ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत कार से बाहर कूदकर अपनी जान बचाई।
कोतवाली पुलिस और फायर ब्रिगेड ने पाया आग पर काबू, कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने की मदद
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना प्रभारी अभिषेक सिंह परिहार पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। फायर ब्रिगेड की मदद से कार में लगी आग पर काबू पाया गया। इस दौरान वहां से गुजर रहे युवा कांग्रेस के मैहर जिला अध्यक्ष सौरभ लल्ला शर्मा ने भी अपने साथियों के साथ रुककर राहत कार्य में पूरा सहयोग किया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारू कराया।
घायलों की पहचान और अस्पताल में इलाज जारी
हादसे में घायल हुए युवकों की पहचान विक्रमादित्य पांडेय (30) पुत्र रोहणी प्रसाद पांडेय, आशीष कुमार पांडेय (40) पुत्र हनुमान प्रसाद पांडेय और शिवेंद्र पांडेय (32) पुत्र सुशील कुमार पांडेय के रूप में हुई है, जो सभी मूलतः बैढ़न, जिला सिंगरौली के रहने वाले हैं। कोतवाली थाना प्रभारी ने बताया कि तीनों घायलों को मैहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस हादसे के वास्तविक कारणों की जांच में जुटी हुई है।