MP Police Bharti : मध्यप्रदेश में पुलिस सेवा (police) का सपना देखने वाले युवाओं के लिए खुशखबरी है। लंबे इंतजार के बाद मध्यप्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (ESB) ने पुलिस मुख्यालय, गृह विभाग (पुलिस), मध्यप्रदेश शासन के अंतर्गत पुलिस आरक्षक संवर्ग की सीधी भर्ती हेतु चयन परीक्षा-2025 का विज्ञापन जारी कर दिया है। इस भर्ती अभियान के तहत कुल 7500 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी।

आवेदन प्रक्रिया और अंतिम तिथि
ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 15 सितंबर 2025 से शुरू होकर 29 सितंबर 2025 तक चलेगी। उम्मीदवारों को आवेदन भरने के लिए ESB की आधिकारिक वेबसाइट esb.mp.gov.in पर जाना होगा। आवेदन पत्र में संशोधन करने की अंतिम तिथि 4 अक्टूबर 2025 तय की गई है।
परीक्षा तिथि और केंद्र
मध्यप्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा का आयोजन 30 अक्टूबर 2025 को किया जाएगा। परीक्षा प्रदेश के 11 संभावित शहरों— भोपाल, इंदौर, जबलपुर, खंडवा, नीमच, रीवा, रतलाम, सागर, सतना, सीधी और उज्जैन में होगी। आवेदन के दौरान उम्मीदवार अपने नजदीकी परीक्षा केंद्र का चयन कर सकेंगे।
आवेदन शुल्क
- सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों के लिए शुल्क: ₹500
- एससी/एसटी/ओबीसी/ईडब्ल्यूएस (मप्र निवासी) उम्मीदवारों के लिए शुल्क: ₹250
- विभागीय परीक्षा शुल्क: सामान्य वर्ग के लिए ₹200, आरक्षित वर्ग के लिए ₹100
नियम पुस्तिका और पात्रता
कर्मचारी चयन मंडल ने 13 सितंबर 2025 को नियम पुस्तिका वेबसाइट पर अपलोड कर दी है। इसमें आयु सीमा, शैक्षणिक योग्यता, शारीरिक मापदंड और अन्य पात्रता से जुड़ी विस्तृत जानकारी दी गई है। अभ्यर्थियों को आवेदन करने से पहले नियम पुस्तिका ध्यान से पढ़ने की सलाह दी गई है।
युवाओं में जोश और उम्मीद
भर्ती की घोषणा के बाद प्रदेश के युवाओं में जबरदस्त उत्साह है। लंबे समय से पुलिस सेवा में भर्ती का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए यह सुनहरा अवसर है। विशेषज्ञों का मानना है कि इस भर्ती से न सिर्फ युवाओं को रोजगार मिलेगा बल्कि पुलिस बल को भी नई मजबूती मिलेगी।







