मैहर/विंध्य: मां शारदा की पावन नगरी मैहर में आयोजित तीन दिवसीय विश्व प्रसिद्ध ’52वें उस्ताद अलाउद्दीन खां संगीत समारोह’ का रविवार देर रात गरिमामय समापन हो गया। स्थानीय खेल मैदान में आयोजित अंतिम संध्या में देश के विभिन्न कोनों से आए दिग्गज कलाकारों ने अपनी शास्त्रीय संगीत, वादन और नृत्य की प्रस्तुतियों से ऐसा समां बांधा कि श्रोता देर रात तक मंत्रमुग्ध होकर डटे रहे। शाम करीब 7:30 बजे शुरू हुई इस सुरमयी महफिल की शुरुआत परंपरागत रूप से मैहर बैंड की दुर्लभ ‘नलतरंग’ प्रस्तुति के साथ हुई।
सरोद, मैण्डोलिन और शास्त्रीय गायन के साथ ओडिसी व कथक नृत्य ने मोहा मन
समारोह की अंतिम शाम में शास्त्रीय कला के विविध रंग देखने को मिले। मैहर बैंड की प्रस्तुति के पश्चात रायपुर की आर्या नंदे और उनके साथी कलाकारों ने भावपूर्ण ओडिसी नृत्य पेश कर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। इसके बाद पुणे के अभिषेक बोरकर ने अपने सरोद वादन से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया, तो वहीं ग्वालियर के निर्भय सक्सेना ने अपने शास्त्रीय गायन से समां बांधा। कोलकाता के पंडित सुगातो भादुड़ी के मधुर मैण्डोलिन वादन और उज्जैन की खुशबू पांचाल एवं उनके दल द्वारा प्रस्तुत ऊर्जावान कथक नृत्य ने महफिल को यादगार बना दिया।
कलेक्टर-अधिकारियों ने किया कलाकारों का सम्मान, स्व-सहायता समूहों ने संभाली व्यवस्था
समापन अवसर पर मैहर कलेक्टर बिदिशा मुखर्जी, अपर कलेक्टर रोशन राय और एसडीएम दिव्या पटेल सहित प्रशासनिक अधिकारी व बड़ी संख्या में नगरवासी मौजूद रहे। आयोजन समिति की ओर से मंच पर प्रस्तुति देने वाले सभी कलाकारों को शॉल और श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। समारोह में पहुंचे दर्शकों की सुविधा के लिए स्व-सहायता समूहों द्वारा खान-पान और पेयजल के विशेष स्टॉल भी लगाए गए थे, जिससे स्थानीय महिला समूहों को भी प्रोत्साहन मिला।