Maihar Elephant News :बांधवगढ़ नेशनल पार्क से 7-8 सितंबर की दरमियानी रात मैहर वनमंडल की अमरपाटन रेंज में पहुंचा नर जंगली हाथी E-5 लगातार अपना क्षेत्र बदल रहा है। रविवार रात करीब 9 बजे हाथी रामनगर क्षेत्र के गैलहरी गांव में पहुंच गया। यहां उसे किसानों के खेत में धान की फसल खाते हुए देखा गया।

गांव में हाथी के पहुंचने की सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को सतर्क किया। टीम ने लोगों से घरों से बाहर नहीं निकलने और हाथी से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की समझाइश दी। हाथी की मौजूदगी के चलते देर रात तक गांव में दहशत का माहौल बना रहा।
रेडियो कॉलर से लगातार निगरानी
अमरपाटन रेंजर प्रफुल्ल त्रिपाठी के अनुसार हाथी E-5 की गतिविधियों पर रेडियो कॉलर के माध्यम से लगातार नजर रखी जा रही है। वन विभाग की टीम स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर के तहत हाथी के व्यवहार और मूवमेंट की निगरानी कर रही है। रेडियो कॉलर से प्राप्त लोकेशन के आधार पर संवेदनशील क्षेत्रों में टीमों को तैनात किया गया है।
हाथी के आगे बढ़ने की संभावना को देखते हुए ओबरा, छिरहाई, चोरखरी, भीषमपुर, पठरा और छांईन सहित आसपास के गांवों में भी निगरानी बढ़ा दी गई है।
ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील
वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि हाथी दिखाई देने पर उसके पास जाने, पीछा करने या फोटो-वीडियो बनाने की कोशिश न करें। हाथी को खेत से भगाने के लिए भी उसके करीब न जाएं और तत्काल वन विभाग को सूचना दें।
गौरतलब है कि E-5 पिछले छह दिनों से रामनगर और अमरपाटन वन परिक्षेत्र के जंगलों में लगातार अपना ठिकाना बदल रहा है। आबादी वाले क्षेत्रों में उसकी लगातार आवाजाही को देखते हुए वन विभाग की टीमें दिन-रात निगरानी में जुटी हुई हैं।






