Satna Pregnant Women Snack Bite :सतना जिला अस्पताल के डॉक्टरों ने एक ऐसा चमत्कार कर दिखाया है, जिसने चिकित्सा जगत में एक नई मिसाल कायम कर दी है। यहां 8 माह की गर्भवती महिला को सांप ने डस लिया था। महिला बेसुध होकर मौत से जूझ रही थी, हालत इतनी नाजुक कि उसे वेंटिलेटर पर रखना पड़ा। इसी बीच डॉक्टरों ने वेंटिलेटर पर ही उसका सफल प्रसव कराकर न सिर्फ मां बल्कि नवजात की भी जिंदगी बचा ली।

दरअसल जिला मुख्यालय से लगे रेउरा फार्म में रहने वाली 24 वर्षीय लकी डोहर को 3 सितंबर की रात सोते समय जहरीले सांप ने डस लिया था। परिवार को भनक तक नहीं लगी और कुछ ही देर में वह बेहोश होकर जिंदगी और मौत के बीच झूलने लगी। अगली सुबह पति नागेंद्र डोहर ने जैसे-तैसे पत्नी को जिला अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती कराया।
डॉक्टरों के सामने दोहरी चुनौती
डॉक्टरों के मुताबिक, लकी को लाने तक उसकी हालत बेहद गंभीर थी। एसपीओटू 50% से भी कम, पल्स और ब्लड प्रेशर का कोई अता-पता नहीं था। ऐसे में मेडिकल कॉलेज के सहायक प्राध्यापक व विशेषज्ञ डॉ. बद्री विशाल सिंह ने तुरंत उसे वेंटिलेटर पर रखा। वहीं मेडिसिन विभाग के एचओडी डॉ. एलपी सिंह से लगातार परामर्श लिया गया।लेकिन असली चुनौती यह थी कि महिला के गर्भ में 8 माह का शिशु भी पल रहा था। एक तरफ मां की जान बचानी थी, दूसरी तरफ गर्भस्थ शिशु को भी सुरक्षित निकालना था।
वेंटिलेटर पर गूंजी जिंदगी की किलकारी
इलाज के दौरान उसी रात वेंटिलेटर पर ही महिला को प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। ऐसे नाजुक हालात में स्त्रीरोग विशेषज्ञ डॉ. निशात फातिमा खान की देखरेख में ऑपरेशन कर बच्ची का सुरक्षित जन्म कराया गया। पूरी टीम की सूझबूझ और त्वरित निर्णय ने यह चमत्कार संभव बना दिया।
मां-बेटी दोनों पूरी तरह स्वस्थ
लगातार आईसीयू निगरानी और एंटी स्नेक वेनम इलाज के बाद दो दिन तक मौत से लड़ने के बाद आखिरकार लकी ने शुक्रवार को आंखें खोलीं। डॉक्टरों ने शनिवार को बताया कि अब मां और नवजात दोनों पूरी तरह स्वस्थ हैं और जल्द ही डिस्चार्ज कर दिए जाएंगे।







