Bansuri Swaraj: संयुक्त अरब अमीरात में गूंजी ‘सिंदूर’ की गूंज, भारत ने बताया आतंक का असली चेहरा

Bansuri Swaraj: संयुक्त अरब अमीरात में गूंजी 'सिंदूर' की गूंज, भारत ने बताया आतंक का असली चेहरा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

[responsivevoice_button voice="Hindi Female"]

Bansuri Swaraj: भारत सरकार ने ऑपरेशन सिंदूर की उपलब्धियों को दुनिया के सामने लाने और पाकिस्तान द्वारा प्रायोजित आतंकवाद को उजागर करने के लिए कई देशों में प्रतिनिधिमंडल भेजे हैं। इसी क्रम में शिवसेना सांसद श्रीकांत एकनाथ शिंदे के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल UAE पहुंचा है। यहां भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए बीजेपी नेता बांसुरी स्वराज ने भारत और खाड़ी देशों के मजबूत द्विपक्षीय रिश्तों को आगे बढ़ाने में प्रवासी भारतीयों की भूमिका की सराहना की। उन्होंने कहा कि भारत की सेना के साहस से ‘सिंदूर’ अब न्याय और शक्ति का प्रतीक बन गया है। बांसुरी ने प्रवासी भारतीयों को आतंकवाद के खिलाफ भारत की लड़ाई का ‘ब्रह्मास्त्र’ बताया और इस लड़ाई का संदेश पूरी दुनिया तक पहुंचाने का आह्वान किया।

बांसुरी स्वराज की दो टूक: अगर युद्ध लाओगे तो खत्म भी हम ही करेंगे

अपने भाषण में बांसुरी स्वराज ने कहा कि प्रवासी भारतीयों को चाहिए कि वे अपने समुदायों, काम की जगहों, पूजा स्थलों और घरों में भारत का स्पष्ट संदेश फैलाएं कि हम हमलावर नहीं हैं। 22 अप्रैल को हमारे विश्वास और अस्तित्व पर जो हमला हुआ वह बर्बरता थी। इसके जवाब में भारत ने 9 आतंकी ठिकानों को ध्वस्त किया। लेकिन पाकिस्तान ने आतंकवाद के खिलाफ वैश्विक लड़ाई में हमारे साथ आने की बजाय सैन्य मोर्चा खोल दिया। बांसुरी ने चेताया कि अगर पाकिस्तान युद्ध को हमारी सीमा तक लाएगा तो उसे खत्म करना भी हम जानते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि भारत का जवाब संतुलित और परिपक्व रहा है जबकि पाकिस्तान ने हमारे पवित्र स्थलों को निशाना बनाया।

सोशल मीडिया पर फैलाए जा रहे झूठ को तोड़ेगा प्रतिनिधिमंडल

शिवसेना सांसद श्रीकांत शिंदे ने सोशल मीडिया पर भारत के खिलाफ फैलाए जा रहे दुष्प्रचार को लेकर कहा कि नकारात्मकता तेजी से फैलती है लेकिन हम इससे निपट रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस 13-14 दिन की यात्रा के जरिए जो प्रयास किए जा रहे हैं उससे सोशल मीडिया पर भी असर दिखेगा। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान द्वारा फैलाए जा रहे झूठे नैरेटिव को बदला जाएगा और सच को दुनिया के सामने लाया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि चाहे कितनी भी कोशिश हो, सच को दबाया नहीं जा सकता और भारतीय प्रतिनिधिमंडल यही कोशिश करेगा कि दुनिया तक भारत की सच्चाई पहुंचे।

UAE में प्रतिनिधिमंडल ने आतंकवाद पर रखा भारत का पक्ष

UAE की यह यात्रा चार देशों के व्यापक कूटनीतिक अभियान का पहला चरण है। प्रतिनिधिमंडल में बीजेपी नेता बांसुरी स्वराज के साथ-साथ ईटी मोहम्मद बशीर, अतुल गर्ग, सस्मित पात्र, मनन कुमार मिश्रा, बीजेपी नेता सुरेंद्रजीत सिंह अहलूवालिया और पूर्व राजदूत सुजन चिनॉय शामिल हैं। प्रतिनिधिमंडल ने UAE के सहिष्णुता और सह-अस्तित्व मंत्री शेख नाहयान मुबारक अल नाहयान से मुलाकात की। इस दौरान शेख नाहयान ने पहलगाम में हुए आतंकी हमले पर गहरा शोक व्यक्त किया। भारतीय प्रतिनिधिमंडल ने इस मुलाकात में सीमा पार आतंकवाद और भारत में सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने के पाकिस्तान के प्रयासों पर भी बात रखी।

Leave a Comment

और पढ़ें