नर्मदापुरम (मध्य प्रदेश)। शिक्षा के पावन पेशे को शर्मसार करने वाला एक मामला नर्मदापुरम जिले के पिपरिया से सामने आया है, जहाँ एक स्कूल प्रिंसिपल पर अपनी ही महिला शिक्षकों को प्रताड़ित करने और अश्लील मैसेज भेजने के आरोप में कार्रवाई की गई है।

स्कूल के प्रिंसिपल सुरेश श्रीवास्तव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। उन पर यह कार्रवाई कमिश्नर कृष्णगोपाल तिवारी ने की है।
“I Love You” का मैसेज भेजकर मांगी हाँ-ना
शिकायत के अनुसार, प्रिंसिपल सुरेश श्रीवास्तव एक महिला टीचर को लगातार मोबाइल पर आपत्तिजनक मैसेज भेजकर फँसाने की कोशिश कर रहे थे। एक शर्मनाक वाकये में उन्होंने टीचर को “I Love You” का मैसेज भी भेजा और उस पर हाँ या ना में जवाब माँगा। जब महिला टीचर ने प्रिंसिपल को पिता समान बताया, तो वह झल्ला उठा और उन्हें परेशान करना शुरू कर दिया।

मंत्री की धौंस और ट्रांसफर की धमकी
पीड़ित महिला टीचर ने आरोप लगाया है कि प्रिंसिपल श्रीवास्तव प्रदेश के एक मंत्री की धौंस दिखाकर उन्हें और अन्य महिला शिक्षकों को ट्रांसफर करवाने की धमकी देते थे। उनकी पत्नी के भी बीजेपी नेता होने के कारण, प्रिंसिपल पर पहले शिकायत के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हो रही थी।
प्रिंसिपल के लगातार उत्पीड़न से परेशान होकर महिला टीचर ने मामले की शिकायत जिला शिक्षा अधिकारी से की। जाँच रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि प्रिंसिपल श्रीवास्तव से प्रताड़ित और भी महिला टीचर्स मौजूद हैं। मामला गरमाने के बाद कमिश्नर ने सख्त कदम उठाते हुए प्रिंसिपल सुरेश श्रीवास्तव को सस्पेंड कर दिया है।इस घटना ने एक बार फिर शिक्षण संस्थानों में महिला कर्मियों की सुरक्षा और सम्मान पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।








