Satna love Jihad News :एमपी के सतना जिले में धर्म परिवर्तन का मामला सामने आया है। जहाँ सतना से लापता हुई एक युवती को पुलिस ने जबलपुर के डुमना एयरपोर्ट से एक युवक के साथ बरामद किया है। दोनों दिल्ली जाने की तैयारी में थे। युवती के परिजनों ने युवक पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने और जबरन ले जाने का आरोप लगाया है, जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

दरअसल मामला गुरुवार का है, जब युवती के लापता होने पर परिजनों ने कोतवाली थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने तत्काल युवती का मोबाइल लोकेशन ट्रेस करना शुरू किया, तो उसकी लोकेशन जबलपुर के डुमना एयरपोर्ट पर मिली। सतना पुलिस ने फौरन जबलपुर की खमरिया थाना पुलिस से संपर्क साधा।
दिल्ली उड़ान भरने की थी तैयारी
जबलपुर पुलिस ने एयरपोर्ट पर पहुंचकर युवती और उसके साथ मौजूद युवक शाहनवाज कुरैशी को रोक लिया। शाहनवाज सतना की जवान सिंह कॉलोनी का रहने वाला है और दिल्ली में नौकरी करता है। पूछताछ में पता चला कि वह युवती को कार से जबलपुर एयरपोर्ट लेकर आया था, जहां से दोनों की दिल्ली जाने की फ्लाइट थी।
इसे भी पढ़े – MP Train Time Table Update 2025 : मध्यप्रदेश से गुजरने वाली 17 से ज्यादा ट्रेनों के शेड्यूल में बदलाव
परिजनों ने लगाया गंभीर आरोप
शुक्रवार सुबह सतना पुलिस जबलपुर पहुंची और दोनों को अपनी हिरासत में ले लिया। युवती के परिजनों ने आरोप लगाया कि शाहनवाज उनकी बेटी पर धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बना रहा था और उसे बहला-फुसलाकर जबरन दिल्ली ले जाने की फिराक में था।
धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम के तहत मामला दर्ज
सतना सीएसपी देवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि परिजनों की शिकायत और शुरुआती जांच के आधार पर आरोपी शाहनवाज कुरैशी के खिलाफ मध्य प्रदेश धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम की धारा 3 और 5 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी को जबलपुर से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।







