नही रहे बीजेपी के वरिष्ठ नेता लक्ष्मी यादव.. खजुराहो में शादी कार्यक्रम के दौरान आया हार्ट अटैक

Death Laxmi Yadav BJP :एमपी के वरिष्ठ बीजेपी नेता लक्ष्मी यादव का निधन हो गया है। वे राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के पूर्व सदस्य भी रह चुके थे। एक शादी समारोह के दौरान अचानक गिर पड़े, जिसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार, उनकी मौत हार्ट अटैक के कारण हुई है।
दरअसल सतना के वरिष्ठ बीजेपी नेता लक्ष्मी यादव का हार्ट अटैक के चलते दुखद निधन हो गया। वे खजुराहो में स्थित होटल क्लर्क में आयोजित बीजेपी नेता रविंद्र सेठी के भतीजे के विवाह समारोह में शामिल हुए थे। जहां कार्यक्रम के दौरान ही उन्हें अचानक दिल का दौरा पड़ा।हार्ट अटैक के बाद उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया है।उनके निधन की खबर फैलते ही पूरे प्रदेश में शोक की लहर दौड़ गई है। भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं और सामाजिक संगठनों ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है।
विश्व जल योगी के रूप में थी विशेष पहचान
सतना शहर के कोलगवा क्षेत्र के निवासी लक्ष्मी यादव विश्व जल योगी माने जाते थे। लक्ष्मी यादव ने महज 14 वर्ष की उम्र से ही जल के अंदर योग करना शुरू किया था। वे करीब 6 फीट गहरे पानी में बड़ी आसानी से जल योग करते हैं। हाल ही में उन्होंने उत्तरप्रदेश के प्रयागराज महाकुंभ में गंगा में डुबकी लगाकर जलयोग किया था। उनका यह अनूठा जलयोग सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ था। और देश के प्रमुख टीवी चैनलों पर इसका लाइव प्रसारण भी किया गया था, जिससे उनकी लोकप्रियता और अधिक बढ़ गई थी।
लक्ष्मी भाई कहकर बुलाते थे लोग
लक्ष्मी यादव का व्यवहार सरल, सौम्य और सभी के प्रति मिलनसार था, जिसके कारण वे हर वर्ग में लोकप्रिय थे।सतना जिले में लक्ष्मी यादव को लोग ‘लक्ष्मी भाई’ के नाम से जानते थे। बड़े लोग उन्हें लक्ष्मी भाई और लोग भाई कहकर पुकारते थे।
राजनीतिक जीवन मे निभाई कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारी
लक्ष्मी यादव ने अपने राजनीतिक जीवन में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं है। राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य के रूप में उन्होंने समाज के वंचित वर्ग की आवाज उठाई है। उनकी सामाजिक सक्रियता और सेवा के प्रति समर्पण ने उन्हें अन्य नेताओं से अलग बना दिया था।
सीएम ने जताया दुःख
उनके निधन के बाद मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री ने सोशल मिडिया एक्स में पोस्ट कर गहरा दुख व्यक्त किया है।उन्होने दुख व्यक्त करते हुए लिखा है कि भारतीय जनता पार्टी, मध्यप्रदेश की प्रदेश कार्यसमिति सदस्य श्री लक्ष्मी यादव जी के आकस्मिक निधन का समाचार अत्यंत दुखद है।बाबा महाकाल दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान तथा शोकाकुल परिजनों को यह आघात सहन करने की शक्ति प्रदान करें; यही प्रार्थना करता हूं।