Satna news :सतना जिला अस्पताल के ब्लड बैंक की घोर लापरवाही से थैलीसीमिया पीड़ित 6 मासूम बच्चों के एचआईवी (HIV) पॉजिटिव होने के मामले ने अब राजनीतिक रंग ले लिया है। मंगलवार को इस अमानवीय घटना के विरोध में युवक कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने जिला अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जोरदार प्रदर्शन किया।

उग्र आंदोलन की चेतावनी
युवक कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन करने के बाद एसडीएम राहुल सिलाडिया को मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शनकारियों की मुख्य मांग है कि इस पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच कराई जाए और जितने भी दोषी अधिकारी या कर्मचारी हैं, उनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए।
Also Read – सतना जिला अस्पताल की लापरवाही, थैलीसीमिया पीड़ित 4 मासूम बच्चे HIV पॉजिटिव हुए, ब्लड बैंक पर उठे गंभीर सवाल
युवक कांग्रेस के उपाध्यक्ष स्वतंत्र मिश्रा ने प्रशासन को सीधी चेतावनी देते हुए कहा, “मरीजों की जिंदगी के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है।” उन्होंने कहा कि अगर इस मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो युवक कांग्रेस कलेक्ट्रेट का घेराव कर उग्र आंदोलन करने को मजबूर होगी।
दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग
युवा कांग्रेस ने साफ कहा है कि बच्चों को एचआईवी संक्रमित खून चढ़ना इस बात का प्रमाण है कि ब्लड बैंक में जांच और प्रोटोकॉल का बिल्कुल भी पालन नहीं किया जा रहा है। उनकी मांग है कि न केवल लापरवाह अधिकारियों पर केस दर्ज हो, बल्कि स्वास्थ्य व्यवस्था में जवाबदेही सुनिश्चित की जाए।
ज्ञापन देने वालों में सतेंद्र अस्सू गर्ग, आदित्य सिंह, नरेंद्र रैकवार, शैलेश तिवारी, दीपक गौतम, सचिन गर्ग, शुभम तिवारी, देव पांडेय, शुभम केशरवानी, रेहान खान, तरुण दहायत, अनुराग गर्ग, अनुराग विराट बिंद, मयंक तिवारी, शुभम यादव, शान खान, सुजय शर्मा, प्रतीक विश्वकर्मा समेत दर्जनों कार्यकर्ता शामिल रहे।
ज्ञात हो कि मामले की जांच के लिए भोपाल से 6 सदस्यीय राज्यस्तरीय जांच टीम मंगलवार को सतना पहुँच रही है, जबकि प्रशासन ने पहले ही नोडल अधिकारी को शो-कॉज नोटिस जारी कर दिया है।







