Maihar News Today :मैहर जिले के नादन गांव में सोमवार सुबह सनसनीखेज मामला सामने आया, जहां नदी में एक किसान का शव बहता हुआ मिला। मृतक की पहचान रामपुर बघेलान निवासी अनिल पाठक उर्फ भोला (32) के रूप में हुई। स्थानीय लोगों ने तैरकर शव को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी।

जानकारी के अनुसार, अनिल रविवार दोपहर खेत गया था लेकिन शाम तक घर नहीं लौटा। सोमवार सुबह करीब 11 बजे उसका शव नदी में तैरता मिला। ग्रामीणों का कहना है कि खेत से लौटते वक्त वह स्टॉप डैम से गुजर रहा था, तभी पैर फिसलने से वह नदी में गिर गया और बहते हुए नादन गांव तक आ पहुंचा।
मामला तीन थाना क्षेत्रों से जुड़ा होने के कारण शुरुआती जांच में असमंजस की स्थिति बनी। बाद में नादन देहात थाना पुलिस ने जांच अपने हाथ में ली। वहीं, परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है और विस्तृत जांच की मांग की है। फिलहाल पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।








