Satna Murder News :एमपी के सतना जिले में गुरुवार शाम एक चाय की दुकान पर अचानक गोलियों की गूंज से पूरे इलाके को हड़कम्प मच गया है। दरअसल कोलगवां थाना क्षेत्र के बढ़ईया मोहल्ले में हुई इस वारदात में छात्र सत्यम शुक्ला की गोली लगने से मौत हो गई है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल है। पुलिस ने पांच आरोपियों पर नामजद FIR दर्ज कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के मुताबिक घटना उस समय हुई जब स्थानीय युवक सूर्य प्रताप सिंह अपने परिचितों के साथ चाय पी रहा था। इसी बीच वेद मिश्रा अपने साथियों के साथ वहां पहुंचा। विवाद तब शुरू हुआ जब वेद के साथी आयुष द्विवेदी ने सूर्य प्रताप का मोबाइल छीन लिया। मोबाइल को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
बीच बचाव करने आये युवक पर दाग दी गोली
विवाद बढ़ने पर वेद मिश्रा ने कट्टा निकालकर गोली चला दी। लेकिन निशाना सूर्य प्रताप पर नहीं लगा। इस बीच छात्र सत्यम शुक्ला ने बीच-बचाव करते हुए गोली चलाने से मना किया। इससे गुस्साए वेद मिश्रा और उसका साथी सचिन पाल आगबबूला हो गए। इतने में सचिन ने गाली-गलौज करने के बाद सत्यम को गोली मार दी।
युवक ने रास्ते मे तोड़ा दम
गोली लगते ही सत्यम गंभीर रूप से घायल हो गया। पहले उसे बिरला अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत नाजुक देखकर डॉक्टरों ने रीवा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। लेकिन रीवा ले जाते समय ही सत्यम ने दम तोड़ दिया है।
तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार
सीएसपी देवेंद्र प्रताप सिंह चौहान ने बताया वारदात की जानकारी मिलते ही कोलगवां थाना पुलिस भारी बल के साथ मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया है। फरियादी के बयान के आधार पर पुलिस ने वेद मिश्रा, सचिन पाल, आयुष द्विवेदी सहित पांच लोगों के खिलाफ नामजद मामला दर्ज किया है।पुलिस ने अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है बाकी दो अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।







